चेन्नई में बाढ़, विधानसभा चुनाव और विरोध प्रदर्शनों की सुर्खियां रहीं साल 2015 में

नई दिल्ली। विमान हादसे में बीएसएफ के 10 अधिकारियों की मौत, चेन्नई में भीषण बाढ़, दादरी में एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या, गोमांस को लेकर विवाद, कथित 'असहिष्णुता' के विरोध में लेखकों द्वारा पुरस्कार लौटाया जाना, वन रैंक वन पेंशन और गुजरात में पटेल समुदाय के लिए आरक्षण की मांग को लेकर चला आंदोलन वर्ष 2015 की सुर्खियां रहा।
इस साल नई दिल्ली में हुए विधानसभा चुनावों में जहां आम आदमी पार्टी को एकतरफा जीत मिली, वहीं बिहार में नीतीश कुमार और लालू प्रसाद यादव साथ-साथ सत्ता में आए। जम्मू-कश्मीर में भाजपा के साथ गठबंधन में पीडीपी के वरिष्ठ नेता मुफ्ती मोहम्मद सईद मुख्यमंत्री बने।
 
गुजरते बरस में मिसाइलमैन और पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम हमसे दूर हो गए। पूरे साल शीना बोरा हत्याकांड, व्यापमं घोटाले की चर्चा होती रही। बांग्लादेश के साथ 41 बरस पुराने सीमा मुद्दे पर इस साल ऐतिहासिक समझौते पर हस्ताक्षर हो गए। दो मिनट वाले मैगी नूडल बाजार से वापस बुलाए गए और फिर से बाजार में आ गए।
 
इस साल धूमधाम से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया जबकि 1993 के मुंबई श्रृंखलाबद्ध बम विस्फोट मामले के दोषी याकूब मेमन को फांसी दे दी गई।
 
वर्ष 2015 का मुख्य घटनाक्रम इस प्रकार है : 
 
3 जनवरी : नई दिल्ली : कारोबार आसानी से करने की तरह ही अनुसंधान करने में आसानी को महत्वपूर्ण बताते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि उन्होंने वैज्ञानिक समुदाय से लालफीताशाही की बाधाएं कम करने का वादा किया है और देश की सूरत बदलने में उनका सहयोग मांगा है।
 
4 जनवरी : आईएसआईएस के एक कथित सदस्य अरीब मजीब की गतिविधियों की जांच के सिलसिले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने साइबर प्रमाणों के लिए अमेरिका सहित अन्य देशों को अनुरोध भेजा। 
 
7 जनवरी : लाहौर/गांधीनगर : वर्ष 1999 में दिल्ली और लाहौर को जोड़ने वाली दोस्ती बस सेवा शुरू होने के बाद पहली बार उसे पाकिस्तान ने वाघा सीमा तक रोक दिया।
 
9 जनवरी : नई दिल्ली : जम्मू-कश्मीर में राष्ट्रपति शासन लागू। राज्य की 87 सदस्यीय विधानसभा में किसी भी दल को बहुमत नहीं मिला।
 
14 जनवरी : उन्नाव (उप्र) : जिले में गंगा नदी से 100 से अधिक शव बीते 2 बरस में मिलने के बाद केंद्र ने जांच के लिए अधिकारियों का एक दल भेजा।
 
16 जनवरी : नई दिल्ली : पंजाब के तत्कालीन मुख्यमंत्री बेअंतसिंह की हत्या के दोषी बब्बर खालसा के उग्रवादी जगतार सिंह तारा को पंजाब पुलिस का दल बैंकॉक से प्रत्यर्पित कर दिल्ली लाया।
 
22 जनवरी : जयपुर : भारतीय-अमेरिकी लेखक झुम्पा लाहिड़ी ने अपनी किताब ‘द लोलैंड’ के लिए दक्षिण एशिया का शीर्ष साहित्य पुरस्कार ‘डीएससी प्राइज फॉर लिटरेचर’ जीता।
 
27 जनवरी : नई दिल्ली : राष्ट्रपति बराक ओबामा ने 3 दिवसीय दौरा संपन्न करते हुए धार्मिक सहिष्णुता की वकालत की और कहा कि धार्मिक आस्था के आधार पर न बंटने की वजह से भारत सफलता की लंबी गाथा लिखेगा।
 
29 जनवरी : नई दिल्ली : विदेश सचिव पद से सुजाता सिंह का कार्यकाल अचानक समाप्त। उनकी जगह एस. जयशंकर नए विदेश सचिव नियुक्त।
 
31 जनवरी : कोलकाता : पूर्व केंद्रीय मंत्री मतंगसिंह सारदा घोटाले में गिरफ्तार।
 
31 जनवरी : जामनगर (कोलकाता) : भारतीय वायुसेना का एमआईजी-21 लड़ाकू जेट दुर्घटनाग्रस्त, पायलट सुरक्षित बाहर कूद गया।
 
31 जनवरी : बालेश्वर (ओडिशा) : 5,000 किमी की मारक क्षमता वाली, परमाणु आयुध ले जाने में सक्षम मिसाइल अग्नि-5 का सफल प्रायोगिक परीक्षण।
 

2 फरवरी : नई दिल्ली : दक्षिण दिल्ली के वसंत कुंज इलाके में एक गिरजाघर में तोड़फोड़।
 
4 फरवरी : नई दिल्ली : सारदा घोटाले में आरोपी पूर्व केंद्रीय मंत्री मतंगसिंह को बचाने के कथित प्रयासों को लेकर विवादों में घिरे केंद्रीय गृह सचिव अनिल गोस्वामी की छुट्टी।
 
7 फरवरी : पटना : जदयू के विधायकों ने बागी जीतनराम मांझी को मुख्यमंत्री पद से हटाते हुए नीतीश कुमार को अपना नया नेता चुना। मांझी ने विधानसभा भंग करने की सिफारिश की, जो नाकाम रही।
 
9 फरवरी : नई दिल्ली : सिंगापुर के राष्ट्रपति टोनी तान केंग याम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मिले।
 
10 फरवरी : नई दिल्ली : दिल्ली विधानसभा चुनाव में कुल 70 में से 67 सीटें जीतकर आप सबसे बड़े दल के रूप में उभरी। भाजपा को 3 सीटें मिलीं, कांग्रेस का पूरी तरह सफाया हुआ।
 
14 फरवरी : नई दिल्ली : अरविंद केजरीवाल ने 6 मंत्रियों के साथ मुख्यमंत्री पद की शपथ ली और कोई भी विभाग अपने पास न रखने का फैसला किया।
 
16 फरवरी : नई दिल्ली : भारत और श्रीलंका के बीच असैन्य परमाणु सहयोग समझौते पर हस्ताक्षर।
 
20 फरवरी : नई दिल्ली : पाकिस्तानी नौका को उड़ाने का आदेश देने संबंधी टिप्पणी पर उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र के चीफ ऑफ स्टाफ डीआईजी बीके लोशाली को दिए गए कारण बताओ नोटिस का जवाब ‘असंतोषजनक’ होने पर तटरक्षक ने उनके खिलाफ ‘बोर्ड ऑफ इन्क्वायरी’ के आदेश दिए।
 
22 फरवरी : पटना : इस्तीफे के 9 माह बाद फिर से नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री बने।
 
22 फरवरी : नई दिल्ली : अफगानिस्तान में अपहरण के 8 माह बाद भारतीय ईसाई पादरी फादर एलेक्सिस प्रेम कुमार रिहा।
 
26 फरवरी : नई दिल्ली : रेलमंत्री ने रेलवे के निजीकरण से इंकार करते हुए रेल बजट पेश किया जिसमें यात्री किराया नहीं बढ़ाया गया। 
 
28 फरवरी : नई दिल्ली : वित्तमंत्री अरुण जेटली ने वर्ष 2015-16 के लिए बजट पेश किया।
 
28 फरवरी : नई दिल्ली : यौन उत्पीड़न के आरोपों से घिरे पूर्व टीईआरआई प्रमुख आरके पचौरी का प्रधानमंत्री की जलवायु परिवर्तन परिषद से इस्तीफा।

1 मार्च : जम्मू : पीडीपी प्रमुख मुफ्ती मोहम्मद सईद जम्मू-कश्मीर में पीडीपी भाजपा गठबंधन की अगुवाई करते हुए राज्य के मुख्यमंत्री बने।
 
2 मार्च : चेन्नई : वरिष्ठ क्रिकेट प्रशासक जगमोहन डालमिया बीसीसीआई के अध्यक्ष बने।
 
4 मार्च : जम्मू : वरिष्ठ आप नेता प्रशांत भूषण और योगेन्द्र यादव पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति से हटाए गए।
 
5 मार्च : कुरुक्षेत्र : भारतीय वायुसेना का जगुआर विमान शाहाबाद के समीप खेत में दुर्घटनाग्रस्त, पायलट सुरक्षित बाहर आया।
 
7 मार्च : श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर सरकार ने अलगाववादी नेता मसर्रत आलम को रिहा किया जिसके खिलाफ राजद्रोह सहित दर्जनों मामले हैं और उसकी गिरफ्तारी के लिए 10 लाख रुपए का इनाम भी घोषित था।
 
8 मार्च : नई दिल्ली : अरुण सिंह अमेरिका में भारत के नए राजदूत नियुक्त।
 
20 मार्च : रायबरेली (उप्र) : समीपवर्ती बचरावन रेलवे स्टेशन के पास देहरादून-वाराणसी जनता एक्सप्रेस का इंजन और 2 डिब्बे पटरी से उतरने के कारण कम से कम 38 लोगों की मौत और करीब 150 घायल।
 
21 मार्च : जम्मू : बर्धमान विस्फोट के सिलसिले में फरार अब्दुल मजीद मोमिन गिरफ्तार।
 
24 मार्च : नई दिल्ली : 62वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में ‘क्वीन’ के लिए कंगना रनौत को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार।
 
25 मार्च : पणजी : भारतीय नौसेना का एक टोही विमान गोवा के तट पर दुर्घटनाग्रस्त।
 
27 मार्च : नई दिल्ली : स्वाइन फ्लू से मरने वालों का आंकड़ा 2,000 पार। 
 
27 मार्च : नई दिल्ली : पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'भारतरत्न' से सम्मानित।
 
28 मार्च : नई दिल्ली : आप नेता प्रशांत भूषण और योगेन्द्र यादव पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी से निष्कासित।
 
29 मार्च : नई दिल्ली : साइना नेहवाल ने अपना पहला इंडिया ओपन सुपर सीरीज खिताब जीता और पूर्व विश्व चैंपियन थाईलैंड की रैचनॉक इन्ताना को हराया।
 
30 मार्च : नई दिल्ली : स्वतंत्रता सेनानी मदनमोहन मालवीय को मरणोपरांत देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान प्रदान किया गया।

2 अप्रैल : मुजफ्फरपुर (बिहार) : कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पर विवादित टिप्पणियों के लिए बिहार की एक अदालत ने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया। सोनिया ने यह कहकर टिप्पणियों को तवज्जो नहीं दी कि वे संकीर्ण विचारधारा वाले लोगों को जवाब नहीं देतीं।
 
3 अप्रैल : पणजी : केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने यहां के एक प्रमुख परिधान स्टोर में एक छिपा हुआ कैमरा लगा होने का दावा किया, जो ट्रॉयल रूम की ओर केंद्रित था। इसके बाद स्टोर के 4 कर्मियों को गिरफ्तार कर एक मामला दर्ज किया गया।
 
7 अप्रैल : चित्तूर-चेन्नई : लाल चंदन तस्करों के खिलाफ पुलिस के कथित अभियान में आंध्रप्रदेश के चित्तूर जिले में 20 लोगों की गोली मारे जाने से मौत। घटना की आलोचना करते हुए तमिलनाडु सरकार ने दावा किया कि मृतकों में से 12 उनके राज्य के मजदूर थे।
 
8 अप्रैल : नई दिल्ली : बॉलीवुड के मेगास्टार अमिताभ बच्चन, शिया नेता प्रिंस करीम आगा खान सहित 5 चर्चित हस्तियां देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्मविभूषण से सम्मानित।
 
10 अप्रैल : लखनऊ : मुंबई हमले के मास्टरमाइंड जकी उर रहमान लखवी की पाकिस्तान में रिहाई को दुर्भाग्यपूर्ण एवं निराशाजनक घटनाक्रम बताते हुए केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि ऐसे निर्णयों से दोनों देशों के परस्पर संबंध प्रभावित होते हैं।
 
15 अप्रैल : नई दिल्ली : 5 राज्यों में हुए विधानसभा उपचुनावों में महाराष्ट्र, उत्तरप्रदेश, पंजाब और उत्तराखंड में सत्तारूढ़ दलों ने जीत दर्ज की जबकि मुंबई की बांद्रा (पूर्व) सीट पर 6 माह में कांग्रेस दिग्गज नारायण राणे दूसरी बार पराजित।
 
17 अप्रैल : श्रीनगर : अलगाववादी नेता मसर्रत आलम भट को राजद्रोह के आरोप में गिरफ्तार किए जाने के बाद श्रीनगर में हिंसा।
 
18 अप्रैल : नई दिल्ली : वरिष्ठ राजनयिक विकास स्वरूप विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नियुक्त। उनके पहले ही उपन्यास पर बनी फिल्म ‘स्लमडॉग मिलियनेयर’ ने ऑस्कर जीता था।
 
20 अप्रैल : नई दिल्ली : बागी नेता प्रशांत भूषण और योगेन्द्र यादव आप से निष्कासित।
 
22 अप्रैल : नई दिल्ली : आप की रैली के दौरान दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तथा भीड़ की मौजूदगी में राजस्थान के एक किसान ने आत्महत्या की और केजरीवाल पर असंवेदनशीलता का आरोप लगा।
 
26 अप्रैल : नई दिल्ली : भूकंप प्रभावित नेपाल की मदद कर रहे भारत ने राहत एवं बचाव प्रयासों को बढ़ाते हुए इसे ऑपरेशन मैत्री नाम दिया और सेना के 2 दर्जन विमान तथा हेलीकॉप्टर तैनात किए।

2 मई : चंडीगढ़ : पंजाब के उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने अपने परिवार की कंपनी की एक बस से मोगा जिले में छेड़छाड़ के बाद धकेली गई एक दलित किशोरी की मौत की घटना के संबंध में कंपनी द्वारा संचालित सभी बसों को सड़कों से हटाने का आदेश दिया।
 
5 मई : नई दिल्ली : परियोजना की शुरुआत के 3 दशक से अधिक समय के बाद स्वदेश में विकसित, सुपरसोनिक, सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल आकाश सेना में शामिल।
 
8 मई : रायपुर : छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दौरे से पहले सुकमा जिले में माओवादियों ने करीब 250 ग्रामीणों को बंधक बनाया तथा बाद में रिहा किया।
 
9 मई : कोलकाता : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 3 सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की शुरुआत की।
 
14 मई : चंडीगढ़ : हरियाणा सरकार ने गुड़गांव के सेक्टर 83 में व्यावसायिक कॉलोनियां विकसित करने के लिए रॉबर्ट वाड्रा की कंपनी सहित कुछ कंपनियों को लाइसेंस दिए जाने की जांच के लिए एक आयोग बनाया।
 
18 मई : मुंबई : अस्पताल में एक वार्डब्वॉय द्वारा बलात्कार तथा फिर कुत्ते के गले में बांधने वाली चेन से गला घोंटे जाने के कारण पिछले 42 साल से कोमा में पड़ी नर्स अरुणा शानबाग की मौत।
 
21 मई : नई दिल्ली : एफएमसीजी दिग्गज नेस्ले की मैगी में सीसे और एक अन्य खाद्य सामग्री की मात्रा तय सीमा से अधिक पाए जाने के बाद मैगी नूडल के करीब 2 लाख पैकेट वापस बुलाए गए। जांच का सिलसिला जारी।
 
23 मई : नई दिल्ली : दिल्ली के उपराज्यपाल को केंद्र द्वारा नौकरशाहों की नियुक्ति के लिए पूरा अधिकार दिए जाने के बाद उपराज्यपाल और आप सरकार के बीच टकराव तेज हुआ।
 
28 मई : जयपुर : राजस्थान सरकार द्वारा गुज्जरों को 5 फीसदी रोजगार आरक्षण दिए जाने के लिए नया विधेयक लाने का आश्वासन दिए जाने के बाद गुज्जरों ने एक सप्ताह से जारी आंदोलन समाप्त किया।

4 जून : नई दिल्ली : विवादों में घिरी नेस्ले इंडिया ने अपनी मैगी दुकानों से वापस लेने का फैसला किया।
 
6 जून : अमृतसर : स्वर्ण मंदिर में कुछ युवाओं द्वारा खालिस्तान समर्थक नारे लगाने और शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति द्वारा इसका विरोध करने पर हुए संघर्ष में 5 व्यक्ति घायल। 
 
9 जून : चेन्नई : तमिलनाडु के तट पर तटरक्षक का डोर्नियर टोही विमान लापता।
 
10 जून : नई दिल्ली : फर्जी डिग्री मामले में दिल्ली के कानून मंत्री जितेन्द्र सिंह तोमर गिरफ्तार। उनकी जगह दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष कपिल मिश्रा नए कानून मंत्री बनाए गए।
 
12 जून : चंडीगढ़ : कचरे से शिल्प तैयार कर रॉक गार्डन बनाने वाले नेकचंद का निधन।
 
16 जून : इलाहाबाद : भारतीय वायुसेना का जगुआर लड़ाकू विमान जिले के चकरा क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त।
 
16 जून : नई दिल्ली : पूर्व आईपीएल प्रमुख ललित मोदी ने दावा किया कि ब्रिटेन में उनके आव्रजन संबंधी अनुरोध का राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने समर्थन किया था और विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के साथ उनके पारिवारिक संबंध हैं जिनके पति और बेटी ने मुफ्त में कानूनी सेवा मुहैया कराई थी। इस दावे से खासा विवाद उठा और विपक्षी कांग्रेस ने राजे तथा स्वराज का इस्तीफा मांगा।
 
21 जून : नई दिल्ली : राजपथ पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन के दौरान 35985 प्रतिभागियों ने हिस्सा लेकर योग किया और 84 देशों के नागरिकों ने भी योगासन किए।
 
29 जून : नई दिल्ली : गैंगस्टर दाऊद इब्राहीम, आतंकी मास्टरमाइंड जकीउर रहमान लखवी और लश्कर ए तैयबा के संस्थापक हाफिज सईद के खिलाफ संयुक्त राष्ट्र के प्रतिबंध लागू करने के लिए चीन की आपत्तियों के बावजूद भारत पाकिस्तान को एशिया-पैसेफिक ग्रुप की निगरानी में लाने में सफल।
 
30 जून : चेन्नई : अन्नाद्रमुक प्रमुख और तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जे. जयललिता ने 1.5 लाख से अधिक मतों से उपचुनाव जीता। 

1 जुलाई : दार्जिलिंग/सिलीगुड़ी : तेज बारिश से कम से कम 38 लोगों की मौत। कई मकान और झोपड़े ध्वस्त, राजमार्ग क्षतिग्रस्त।
 
5 जुलाई : नई दिल्ली : व्यापमं घोटाले में फर्जी परीक्षार्थियों की जांच कर रहे जबलपुर मेडिकल कॉलेज के डीन दिल्ली के द्वारका में एक होटल में मृत पाए गए।
 
8 जुलाई : नई दिल्ली : तीस्ता सीतलवाड़ और उनके संगठन के खिलाफ गृह मंत्रालय की अनुमति लिए बिना विदेशों से चंदा लेने के लिए फेरा कानून के कथित उल्लंघन के आरोप में मामला दर्ज।
 
9 जुलाई : नई दिल्ली : उच्चतम न्यायालय ने व्यापमं घोटाले की सीबीआई जांच के आदेश दिए।
 
11 जुलाई : नई दिल्ली : अमोल पालेकर, राजकुमार राव और सुधीर मिश्रा सहित कुछ फिल्मी हस्तियों ने भारतीय फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान के अध्यक्ष पद से गजेन्द्र चौहान की रिहाई की मांग का समर्थन किया।
 
12 जुलाई : नई दिल्ली : सीबीआई ने व्यापमं घोटाले की जांच के लिए 40 अधिकारियों का विशेष दल गठित किया।
 
15 जुलाई : जम्मू : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जम्मू यात्रा से पहले पाकिस्तानी रेंजरों ने अखनूर सेक्टर में संघर्ष विराम का उल्लंघन किया जिसमें 1 महिला की मौत हो गई तथा बीएसएफ के 2 जवानों सहित 6 लोग घायल हो गए।
 
16 जुलाई : श्रीनगर : सोनमर्ग के समीप बादल फटने से 1 किशोरी की मौत, 4 लापता।
 
21 जुलाई : नई दिल्ली : संसद के मानसून सत्र की शुरुआत। विपक्ष ने आईपीएल के पूर्व प्रमुख ललित मोदी की कथित मदद करने को लेकर राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और व्यापमं घोटाले के सिलसिले में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का इस्तीफा मांगा।
 
25 जुलाई : नई दिल्ली : विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने आईपीएल प्रमुख ललित मोदी की मदद के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने कभी मोदी की मदद का आग्रह नहीं किया था। 
 
27 जुलाई : शिलांग : पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम का निधन।
 
27 जुलाई : गुरदासपुर : 3 आतंकियों ने चलती बस और पुलिस थाने पर हमला कर एसपी सहित 7 लोगों को मार डाला। जवाबी कार्रवाई में तीनों आतंकी मारे गए। जांच से पता चला कि तीनों आंतकी पाकिस्तान से आए थे।
 
30 जुलाई : नागपुर/मुंबई : 1993 के मुंबई बम धमाकों के दोषी याकूब मेमन को फांसी।

3 अगस्त : नई दिल्ली : ऐतिहासिक नगा समझौते पर हस्ताक्षर।
 
5 अगस्त : हरदा (मध्यप्रदेश) : 2 यात्री ट्रेनें पटरी से उतरीं और डिब्बे बाढ़ के पानी में गिरे जिससे 25 लोगों की मौत और 50 अन्य घायल।
 
10 अगस्त : देवघर (झारखंड) : जिले के एक मंदिर के समीप भगदड़ में 11 लोगों की मौत, 30 से अधिक घायल।
 
16 अगस्त : जम्मू : पाकिस्तानी सैनिकों की गोलीबारी में 1 महिला की मौत और 5 घायल।

3 सितंबर : मुंबई : शीना बोरा हत्याकांड की मुख्य आरोपी इंद्राणी मुखर्जी ने हत्या में अपनी भूमिका स्वीकार की।
 
6 सितंबर : नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्पष्ट किया कि समय से पूर्व सेवानिवृत्ति लेने वाले सशस्त्र बलों के जवानों को भी वन रैंक वन पेंशन का लाभ मिलेगा।
 
11 सितंबर : नई दिल्ली : सऊदी अरब के मक्का में ग्रैंड मस्जिद में निर्माण कार्य में लगी एक क्रेन के ध्वस्त होने से 9 भारतीयों सहित 80 लोग घायल।
 
12 सितंबर : झाबुआ (मध्यप्रदेश) : जिले के पेटलावद शहर में एक गोदाम में रखे विस्फोटकों में विस्फोट से कम से कम 89 लोगों की मौत और 100 से अधिक घायल।
 
18 सितंबर : कोलकाता : नेताजी सुभाषचंद्र बोस से संबंधित करीब 13000 दस्तावेजों वाली 4 फाइलें सार्वजनिक। 
 
20 सितंबर : कोलकाता : बीसीसीआई अध्यक्ष जगमोहन डालमिया का निधन।
 
26 सितंबर : शिमला/नई दिल्ली : सीबीआई ने आय से अधिक संपत्ति के कथित मामले में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के शिमला के आधिकारिक घर और 12 दूसरी जगहों पर उनकी बेटी की शादी के दिन छापे मारे।
 
28 सितंबर : श्रीहरिकोटा (आंध्रप्रदेश) : भारत ने अपनी पहली अंतरिक्ष अनुसंधान वेधशाला एस्ट्रोसैट का सफल प्रक्षेपण किया।
 
28 सितंबर : नई दिल्ली : भारत ने अमेरिकी कंपनी बोइंग और अमेरिकी सरकार के साथ 22 अपाचे लड़ाकू हेलीकॉप्टर और 15 चिनूक हेवी लिफ्ट हेलीकॉप्टर की खरीद के लिए करीब 3 अरब डॉलर का करार किया।
 
28 सितंबर : नई दिल्ली : चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी की लगातार घुसपैठ को देखते हुए भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) लेह में एक नई कमान की स्थापना करेगी और लद्दाख की पहाड़ियों पर 40 से अधिक आधुनिक सीमा चौकियां स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू की गई।
 
30 सितंबर : मुंबई : 2006 के मुंबई सिलसिलेवार बम विस्फोटों के पीड़ितों के परिवारों ने 12 दोषियों को मिली मौत की सजा और बाकियों को मिली उम्रकैद की सजा को ‘सही सजा’ बताकर उसका स्वागत किया।

1 अक्टूबर : नई दिल्ली : पेरिस में इस साल के आखिर में होने वाले जलवायु परिवर्तन सम्मेलन से पहले भारत ने अपने ग्रीन हाउस गैस उत्सर्जनों को 2005 के स्तर से 35 प्रतिशत तक कम करने की प्रतिबद्धता जताई।
 
2 अक्टूबर : दादरी (उप्र) : दादरी के पास बिसहड़ा गांव में घर में गोमांस रखने के संदेह में 1 व्यक्ति को पीट-पीटकर मार डाले जाने की घटना को लेकर 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया और बाकी आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए तलाशी शुरू कर दी गई।
 
2 अक्टूबर : मुंबई : शीना बोरा हत्याकांड की मुख्य आरोपी इंद्राणी मुखर्जी बेहोश होने के बाद अस्पताल में भर्ती।
 
8 अक्टूबर : नवादा (बिहार) : दादरी घटना को लेकर चुप्पी तोड़ते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि हिन्दुओं और मुसलमानों को फैसला करना चाहिए कि एक-दूसरे से लड़ना है या साथ मिलकर गरीबी से निपटना है। उन्होंने साथ ही लोगों से नेताओं के गैरजिम्मेदाराना बयानों पर ध्यान न देने को कहा।
 
10 अक्टूबर : मैनपुरी (उप्र) : दादरी के बाद अब उत्तरप्रदेश के मैनपुरी जिले में तनाव शुरू हुआ। गोवध की अफवाहों के बीच विरोध। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस वाहनों को निशाना बनाया और दुकानों में आग लगाई। हिंसा में 7 पुलिसकर्मी घायल हो गए।
 
11 अक्टूबर : नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि 26 नवंबर को ‘संविधान दिवस’ के तौर पर मनाया जाएगा।
 
12 अक्टूबर : मुंबई/दिल्ली : पाकिस्तानी हस्तियों के खिलाफ अपना आक्रामक अभियान जारी रखते हुए शिवसेना कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री खुर्शीद महमूद कसूरी की किताब के विमोचन का कार्यक्रम रद्द करने से इंकार करने पर ओआरएफ प्रमुख कुलकर्णी के चेहरे पर कालिख पोती।
 
13 अक्टूबर : चंडीगढ़ : पंजाब के किसानों ने आज हफ्तेभर से चल रहा अपना रेल रोको आंदोलन खत्म किया। आंदोलन से रेलवे को करीब 150 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ, राज्य को भी बड़ा नुकसान हुआ।
 
13 अक्टूबर : नई दिल्ली : केंद्रीय गृह मंत्रालय ने ऐतिहासिक भूमि सीमा समझौते के तहत बांग्लादेश के साथ एन्क्लेव के आदान-प्रदान के बाद भारत में रहने का फैसला करने वाले 14864 लोगों के लिए नागरिकता मंजूर की।
 
14 अक्टूबर : नई दिल्ली : सरकार ने देश की संप्रभुता के लिए नुकसानदेह सामग्री पाए जाने के बाद 2 वेबसाइटों और सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक के कुछ पेजों पर प्रतिबंध लगाने का आदेश दिया।
 
15 अक्टूबर : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम की 84वीं जयंती पर कहा कि उनके सम्मान में उनकी जन्मस्थली रामेश्वरम पर एक स्मारक बनाया जाएगा।
 
22 अक्टूबर : गाजियाबाद/नई दिल्ली : केंद्रीय मंत्री वीके सिंह ने फरीदाबाद में दलित आगजनी घटना को लेकर सरकार का बचाव करते हुए कहा कि अगर कोई किसी कुत्ते को पत्थर मारता है तो उसके लिए सरकार को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता। बयान से एक बड़ा राजनीतिक विवाद शुरू हो गया।
 
24 अक्टूबर : नई दिल्ली : सरकार ने सशस्त्र बलों को लेकर एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए भारतीय वायुसेना में महिलाओं को लड़ाकू विमानों के पायलट के तौर पर काम करने की मंजूरी दी। (भाषा) 
 
26 अक्‍टूबर : नई दिल्ली : अनजाने में करीब एक दशक पहले सीमा पार कर पाकिस्तान गई गूंगी-बहरी लड़की गीता यहां पहुंची लेकिन शुरू में तस्वीरों से पहचाने गए परिवार को पहचान नहीं पाई। भारत ने पाकिस्तान का आभार जताया। 
 
26 अक्‍टूबर : नई दिल्ली-बाली : गैंगस्टर छोटा राजन को इंडोनेशिया के बाली में गिरफ्तार किया गया।
 
27 अक्‍टूबर : कोझिकोड-नई दिल्ली : केरल हाउस में 'गोमांस' परोसे जाने की शिकायत मिलने के बाद दिल्ली पुलिस के वहां जाने से विवाद शुरू हुआ।
 
28 अक्‍टूबर : नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अफ्रीका के 19 देशों के शासनाध्यक्षों के साथ अलग-अलग मुद्दों पर विस्तृत बातचीत की।
 
28 अक्‍टूबर : पुणे-मुंबई-नई दिल्ली : गजेन्द्र चौहान को एफटीआईआई के प्रमुख पद पर नियुक्त किए जाने के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों ने 139 दिनों से चल रही अपनी हड़ताल वापस ली, लेकिन विरोध प्रदर्शन जारी रखने की घोषणा की।
 
29 अक्‍टूबर : रक्सौल (बिहार) : भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि अगर भाजपा बिहार में चुनाव हारती है तो पाकिस्तान में दीपावली मनार्इ जाएगी।
 
31 अक्‍टूबर : नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत-अफ्रीका शिखर सम्मेलन में 41 शीर्ष अफ्रीकी नेताओं के साथ द्विपक्षीय बातचीत की।

3 नवंबर : मुंबई : इंडियन प्रीमियर लीग के मुख्य परिचालन अधिकारी सुंदर रमन ने पद से इस्तीफा दिया।
 
5 नवंबर : मुंबई : निर्देशक कुंदन शाह, सईद मिर्जा और लेखिका अरुंधति रॉय सहित 24 फिल्मकारों ने देश में बढ़ती असहिष्णुता को लेकर अपने राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार वापस किए।
 
6 नवंबर : नई दिल्ली : अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा राजन को बाली से यहां लाया गया।
 
7 नवंबर : नई दिल्ली : पूर्व सेनाकर्मियों के लिए 'एक रैंक एक पेंशन योजना' प्रभाव में आई।
 
8 नवंबर : पटना : जदयू-राजद-कांग्रेस के महागठबंधन को बिहार विधानसभा चुनाव में दो तिहाई बहुमत मिला। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को राज्य के लोगों ने तीसरी बार सत्ता सौंपी। 
 
9 नवंबर : मुंबई : एन श्रीनिवासन को आईसीसी प्रमुख के पद से हटाया गया। बीसीसीआई ने उनकी जगह हाल में निर्वाचित अध्यक्ष शशांक मनोहर को नामित किया।
 
11 नवंबर : नई दिल्ली : बांग्लादेश ने फरार उल्फा नेता अनूप चेतिया को भारत के हवाले किया।
 
17 नवंबर : गुड़गांव : विहिप नेता अशोक सिंघल का निधन।
 
20 नवंबर : नई दिल्ली : माली की राजधानी बमाको में रेडिसन ब्लू होटल में बंदूकधारियों द्वारा 150 दूसरे मेहमानों के साथ बंधक बनाए गए सभी 20 भारतीयों को सुरक्षित निकाला गया।
 
20 नवंबर : मुंबई : शीना बोरा हत्या मामले में मुख्य आरोपी इंद्राणी मुखर्जी के पति और मीडिया मुगल पीटर मुखर्जी के खिलाफ हत्या और आपराधिक साजिश का मामला दर्ज किया गया।
 
20 नवंबर : पटना : नीतीश कुमार ने तीसरी बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।
 
24 नवंबर : नई दिल्ली : देश में बढ़ती असहिष्णुता को लेकर टिप्पणी के लिए अभिनेता आमिर खान भाजपा और फिल्म जगत के कुछ लोगों के निशाने पर आए।
 
29 नवंबर : नई दिल्ली-कोलकाता : जम्मू और कोलकाता में आईएसआई के साथ संबंध रखने वाले एक जासूसी गिरोह का भंडाफोड़।

1 दिसंबर : चेन्नई : मूसलधार बारिश ने चेन्नई में बाढ़ की स्थिति पैदा की। सेना और नौसेना को कुछ हिस्सों में बचाव कार्य में लगाया गया।
 
3 दिसंबर : नई दिल्ली : न्यायमूर्ति तीरथ सिंह ठाकुर को राष्ट्रपति ने देश के 43वें प्रधान न्यायाधीश के तौर पर शपथ दिलाई।
 
3 दिसंबर : चेन्नई : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बाढ़ से प्रभावित तमिलनाडु के लिए 1000 करोड़ रुपए की वित्तीय सहायता की घोषणा की।
 
4 दिसंबर : नई दिल्ली : दिल्ली सरकार ने बढ़ते प्रदूषण से निपटने के लिए शहर में निजी कारों से संबंधित सम-विषम संख्या योजना शुरू करने की घोषणा की। 
 
4 दिसंबर : नई दिल्ली : दिल्ली सरकार ने जनलोकपाल विधेयक पारित किया।
 
6 दिसंबर : नई दिल्ली : भारत और पाकिस्तान के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों ने बैंकॉक में मुलाकात की।
 
8 दिसंबर : नई दिल्ली : दिल्ली सरकार ने शहर में कारों से जुड़ी सम-विषम संख्या वाली योजना एक जनवरी से शुरुआती 15 दिन के लिए सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक लागू करने की घोषणा की।
 
10 दिसंबर : मुंबई : बॉम्बे उच्च न्यायालय ने अभिनेता सलमान खान को हिट एंड रन मामले में सभी आरोपों से बरी किया।
 
11 दिसंबर : कोलकाता : पार्क स्ट्रीट सामूहिक बलात्कार मामले में सभी तीन दोषियों को सत्र अदालत ने दस साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई।
 
12 दिसंबर : वाराणसी : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और जापानी प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने शहर के दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती में हिस्सा लिया।
 
12 दिसंबर : नई दिल्ली : भारत और जापान ने भारत में पहले बुलेट ट्रेन नेटवर्क के लिए 12 अरब डॉलर का करार किया।
 
13 दिसंबर : मुंबई : वयोवृद्ध फिल्म अभिनेता दिलीप कुमार को गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने उनके घर पर 'पद्मभूषण' से सम्मानित किया।
 
16 दिसंबर : नई दिल्ली : मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने आरोप लगाया कि सीबीआई ने दिल्ली सचिवालय पर अपनी छापेमारी में कैबिनेट के फैसलों से संबंधित फाइलें जब्त कीं और डीडीसीए से संबंधित एक फाइल की छानबीन की गई।
 
16 दिसंबर : नई दिल्ली-भुवनेश्वर : अलकायदा के दो संदिग्ध सदस्यों को राष्ट्रीय राजधानी और ओड़िशा में गिरफ्तार किया गया। दिल्ली पुलिस ने आतंकी समूह की भारतीय इकाई के मॉड्यूल का भंडाफोड़ करने का दावा किया।
 
18 दिसंबर : कोलकाता : मदर टेरेसा को सेंट ऑफ रोमन कैथोलिक चर्च बनाने की घोषणा की गई। 
 
19 दिसंबर : नई दिल्ली : स्थानीय अदालत ने नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उनके बेटे राहुल गांधी को बिना किसी शर्त के जमानत दी।
 
20 दिसंबर : नई दिल्ली : आप सरकार ने डीडीसीए में कथित गड़बड़ियों की जांच के लिए एक जांच आयोग के गठन की घोषणा की।
 
21 दिसंबर : नई दिल्ली : नेपाल ने भारत से कहा मधेसियों की मांगों के हल के लिए कुछ महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं। भारत ने स्वागत किया।
 
22 दिसंबर : नई दिल्ली : 2012 के दिल्ली सामूहिक बलात्कार एवं हत्याकांड के नाबालिग दोषी के कानूनी प्रावधान के अभाव में रिहा होने के बाद संसद ने विधेयक पारित किया, जिसके तहत 16 या उससे अधिक उम्र वालों पर बलात्कार जैसे नृशंस अपराधों के लिए वयस्क के तौर पर मुकदमा चलाया जाएगा।
 
23 दिसंबर : नई दिल्ली : भाजपा ने डीडीसीए में कथित भ्रष्टाचार के संबंध में वित्तमंत्री अरुण जेटली के खिलाफ अभियान का नेतृत्व करने वाले अपने सांसद कीर्ति आजाद को पार्टी से निलंबित किया।

वेबदुनिया पर पढ़ें