71वां मेडल जीतकर भारत ने एशियाड में रचा इतिहास, पाई सर्वश्रेष्ठ पदक तालिका

बुधवार, 4 अक्टूबर 2023 (12:42 IST)
भारतीय दल ने बुधवार को Asian Games एशियाई खेलों में पदकों के लिहाज से अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और पिछले खेलों में 70 पदक के आंकड़े को पीछे छोड़ा।भारत का पदक के लिहाज से पिछला सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन जकार्ता और पालेमबांग में हुए 2018 एशियाई खेलो में था जिसमें देश ने 16 स्वर्ण, 23 रजत और 31 कांस्य पदक सहित कुल 70 पदक जीते थे।

भारत के पैदल चाल खिलाड़ियों मंजू रानी और राम बाबू ने बुधवार को 35 किमी मिश्रित टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीता जिससे भारत ने 2018 खेलों में 70 पदक के आंकड़े की बराबरी की।ओजस देवताले और ज्योति सुरेखा वेन्नम की कंपाउंड मिश्रित तीरंदाजी टीम ने इसके बाद स्वर्ण पदक के रूप में मौजूदा खेलों में भारत का 71वां पदक जीता।

#TeamIndia scripts history by surpassing its highest-ever medal tally at the #AsianGames of 70 Medals in 2018

pic.twitter.com/j8e1oRW4xx

— Sony Sports Network (@SonySportsNetwk) October 4, 2023
भारत के मिशन प्रमुख भूपेंद्र सिंह बाजवा ने कहा, ‘‘मुझे यह कहते हुए बहुत खुशी हो रही है कि भारत ने एशियाई खेलों में पदक तालिका में 70 का आंकड़ा पार करके अब तक के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ अपनी छाप छोड़ी है और अभी और पदक आने बाकी हैं।’’

भारत ने एशियाई खेलों में अब तक का अपना सबसे बड़ा दल भेजा है और उसका लक्ष्य इस महाद्वीपीय प्रतियोगिात में 100 पदक के आंकड़े को पार करना है।हांगझोउ एशियाई खेलों के लिए भारत ने ‘अब की बार, सौ पार’ नारा दिया है।भारत ने अभी 16 स्वर्ण, 26 रजत और 29 कांस्य पदक जीते हैं जबकि चार दिन की प्रतियोगिताएं बाकी हैं।

चीन के हांगझोउ में चल रहे 19वें एशियाई खेलों में बुधवार की स्पर्धाओ में देशों की पदक स्थिति इस प्रकार है:-

देश..................स्वर्ण......रजत......कांस्य......कुल
चीन.................164.......90.........46.......300
जापान...............33........48.........50.......131
दक्षिण कोरिया.....32........44.........65.......141
भारत.................16........26.........31........73
उज़्बेकिस्तान.......14.........15........21........50
चीनी ताइपे.........12.........10........18........40
थाईलैंड.............10.........11........19........40
उत्तर कोरिया........7.........10..........6........23
बहरीन...............7...........1..........4.........12
हांगकांग.............6...........15.......24........45

एशियाई खेलों में भारत के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन पर मोदी ने कहा, भारत पहले से कहीं अधिक चमक रहा है

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एशियाई खेलों में 71 पदक जीतकर भारत के अब तक के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन पर खुशी व्यक्त करते हुए बुधवार को कहा कि खेलों में भारत अब पहले से कहीं अधिक चमक रहा है।प्रधानमंत्री ने इस उपलब्धि को पूरे देश के लिए गर्व का क्षण बताया।

उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘एशियाई खेलों में भारत पहले से कहीं अधिक चमक रहा है। 71 पदकों के साथ, हम अपने सर्वश्रेष्ठ पदक तालिका का जश्न मना रहे हैं, जो हमारे एथलीटों के अद्वितीय समर्पण, धैर्य और खेल भावना का प्रमाण है।’’उन्होंने कहा, ‘‘प्रत्येक पदक कड़ी मेहनत और जुनून की जीवन यात्रा पर प्रकाश डालता है। पूरे देश के लिए गर्व का क्षण। हमारे एथलीटों को बधाई।’’

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी