धनु राशिवालों के लिए कैसा रहेगा 2014

- आचार्य डॉ. संजय
FILE

वार्षिक भविष्यफल 2014 : कैसा रहेगा धनु राशिवालों के लिए 2014


धनु राशि के जातक आध्यात्म तथा पारंपारिक विचारवादी होते हैं। इन्हें ईश्वर में श्रद्धा होने पर भी पाखंड़ और दिखावा पसंद नहीं है। उदार और प्रेमी व्यक्तित्व, मानवीय गुण से परिपूर्ण लेकिन जल्दी क्रोध में आ जाते हैं।


परिवार - धनु राशि वाले जातकों के लिए यह वर्ष मिश्रित परिणाम देने वाला रहेगा। वर्ष के पहले भाग में बृहस्पति आपके सप्तम भाव में है जो आपकी पारिवारिक शांति के लिए अनुकूल परिणाम देगा। अत: वर्ष के प्रथम पक्ष में परिवार का वातावरण सुखद रहेगा। इस समय जातक सम्मान और आदर पाएंगे। परिवार के लोगों की इच्छाओं और आकांक्षाओं की पूर्ति होगी। परिवार में कोई मांगलिक कार्य भी हो सकता है। लेकिन वर्ष के दूसरे भाग में परिवार के किसी सदस्य की बीमारी की वजह से अथवा कटुता से कष्ट हो सकता है।




स्वास्थ्य - धनु राशि वाले जातकों का स्वास्थ्य श्रेष्ठ रहेगा। मामूली परेशानी आ सकती है लेकिन शीघ्र स्वस्थ हो जाएंगे। वर्ष के उत्तरार्द्ध में यात्राओं तथा श्रम की अधिकता की वजह से थकान और शारीरिक ऊर्जा कम हो जाएगी इसलिए अपनी शारीरिक क्षमता के अनुसार ही कोई निर्णय लें।



प्रेम- दांपत्य - धनु राशि के जातकों के लिए प्रेम प्रसंगों के लिए वर्ष का पहला भाग बड़ी अनुकूलता लिए हुए है। आपकी इच्छाओं और आकांक्षाओं की पूर्ति होगी। सप्तम भाव में स्थित बृहस्पति प्रेम में प्रगाढ़ता लाएगा। प्रेमी अपने प्रेम को पा सकेंगे। सगाई के लिए भी समय काफी अनुकूल है। विवाह योग्य जातकों के विवाह होने के योग प्रबल हैं। विवाहित जातकों के लिए भी समय उत्तम फलदायी है। लेकिन वर्ष के दूसरे भाग में आपको प्रेम प्रसंगों के मामले में सावधानी से काम लेने की जरूरत है अन्यथा बदनामी का भय उत्पन्न होगा।



कार्यक्षेत्र-रोजगार - वर्ष के पहले भाग में गोचर की अनुकूलता अधिक रहेगी। अत: वर्ष के पहले हिस्से में व्यापार या नौकरी इत्यादि के विकासशील होने की अच्छी संभावनाएं रहेंगी। सम्मान मिलेगा। बहुप्रतिक्षित व्यवसायिक यात्रा का योग है। अनुभवी लोगों से सम्पर्क बढ़ेंगे। व्यापार के विस्तृत होने की संभावना है। अगर नौकरी पेशा हैं तो आपकी पदोन्नति संभव है, नौकरी की हालतों में सुधार होगा। वर्ष के दूसरे भाग में निवास स्थान या नौकरी का परिवर्तन संभावित है। प्रतिद्वंदी आपकी प्रतिष्ठा पर आंच लाने की कोशिश करेंगे। अत: उस अवधि में संयम से काम लें।


धन-संपत्ति - आर्थिक स्थिति इस वर्ष मिश्रित रहेगी। वर्ष की शुरुआत में अटके पैसे थोड़े से प्रयास से प्राप्त हो सकते हैं। वर्ष के आरंभ में की गई यात्राएं आर्थिक समृद्धि में सहायक होंगी। लेकिन वर्ष का दूसरा भाग में आर्थिक कष्ट की ओर संकेत करता है। किसी स्वजन के बीमार या कर्जदार होने के चलते आपको कुछ खर्चे करने पड़ सकते हैं। खर्चे कमाई से अधिक रह सकते हैं। हालांकि निकट संबंधियों से आपको कुछ आर्थिक सहयोग मिल सकता है।



विद्या - विद्यार्थियों के लिए यह वर्ष अनुकूलता लिए हुए है। घर परिवार के लोग शिक्षा के मामले में यथाशक्ति आपका सहयोग करेंगे। यदि आप दर्शन व साहित्य के विद्यार्थी हैं तो आपको विशेष सफलता मिल सकती है। किसी नए विषय में भी आपकी रुचि बढ़ सकती है। यदि आप दूर देश में जाकर शिक्षा लेना चाह रहे हैं तो उसके लिए भी समय अनुकूल है। यदि आप किसी प्रतियोगी परीक्षा में भाग ले रहे हैं तो वर्ष का प्रथम भाग इसके लिए अनुकूल है। लेकिन वर्ष के दूसरे भाग में आपको किसी भी तरह की लापरवाही बरतना ठीक नहीं रहेगा

वेबदुनिया पर पढ़ें