अंक शास्त्र 2019 : मूलांक से जानिए कैसे बीत रहा है आपका यह वर्ष?

2019 का जोड़ है 12। 12 का अंक बृहस्पति का अंक है, धन का अंक है एवं यह उच्च कोटि की आध्यात्मिकता है, परंतु निर्णय क्षमता का अभाव भी दर्शाता है।
 
भारत का अंक है 15 अथवा 6 एवं इंडिया का अंक 12 अथवा 3 है। अंकशास्त्र में अंक 3, 6 एवं 9 एक ही परिवार के माने जाते हैं एवं इनके निष्कर्ष, परिणाम, फल अक्सर एक-दूसरे के समान एवं मिश्रित रहते हैं। इसी हिसाब से भारत का अंक 6 और इंडिया का अंक 3 और 2019 का अंक 3 एक जैसे हैं और महत्वपूर्ण फलदायी है। भारत के लिए बड़ी राजनीतिक महत्वाकांक्षा एवं बड़ी उथल-पुथल वाला वर्ष है। उदाहरण के लिए वर्ष 1983, 1992। इस वर्ष भी पुलवामा और पाकिस्तान का घटनाक्रम हम देख चुके हैं और आगे अपेक्षित हैं चुनाव, सामाजिक आंदोलन, क्रिकेट का वर्ल्ड कप।
 
वैश्विक स्तर पर भी सामाजिक और राजनीतिक उथल-पुथल अपेक्षित है, उदाहरण वर्ष 2001- वर्ल्ड ट्रेड सेंटर।
 
व्यक्तिगत जीवन में हमें ध्यान देना चाहिए कि जो हमारे निजी या व्यापारिक संबंध हैं, उनमें परिवर्तन न करें।

अनिर्णय या मानसिक उद्विग्नता बनी रहने के कारण संबंधों में तनाव रह सकता है, पर संबंध विच्छेद न करें व संबंधों को बने रहने दें। पिछ्ले साल आपने अच्छे संबंध बनाए हैं और ये संबंध वर्ष 2020 में अच्छा फल देंगे। अत: यहीं सुझाव है कि स्वयं की भावनाओं पर नियंत्रण रखें एवं कोई भी संबंध को जाने न दें।
 
व्यवसाय के लिए वर्ष बहुत अच्छा है। धन, व्यवसाय, शेयर मार्केट, फाइनेंस मार्केट के वर्ष अतिउत्तम है, परंतु स्थिरता बनाए रखें, सहजता एवं धैर्य बनाए रखें तो निश्चित ही लाभ की स्थितियां बनेंगी।

 
मूलांक 1 :
 
जिस भी व्यक्ति का जन्म किसी भी महीने की 1, 10, 19 अथवा 28 तारीख को हुआ है, उसका मूलांक 1 है।
यह वर्ष थोड़ा मुश्किल एवं संघर्ष से भरा रहेगा, परंतु घबराएं नहीं। अनुशासित रहें एवं धैर्य रखें तो वर्षांत तक समस्त समस्याओं का निदान होगा एवं सफलता आपके कदम चूमेगी। इस वर्ष स्वास्थ्य संबंधित परेशानियां रहेंगी एवं उनके निराकरण हेतु भी संयमित एवं नियमित दिनचर्या का पालन करना होगा और आप उस पर भी सफलता प्राप्त करेंगे। योग, ध्यान, मेडिटेशन अथवा किसी भी प्रकार से व्यायाम करते रहें। सामाजिक स्तर एवं प्रतिष्ठा बढ़िया रहेगी। निजी संबंध भी वर्षांत तक बेहतर होंगे।
 
मूलांक 2 :
 
जिस भी व्यक्ति का जन्म किसी भी महीने की 2, 11, 20 अथवा 29 तारीख को हुआ है, उसका मूलांक 2 है।
यह वर्ष परिवर्तन का वर्ष है। कार्यक्षेत्र, निजी व व्यावसायिक संबंध में परिवर्तन महसूस होगा। जो परिवर्तन आप बहुत समय से चाह रहे थे, वो इस वर्ष कर पाएंगे। रोमांचित करने वाला वर्ष है। अपने आपसे ईमानदार रहें। सफलता के लिए एक ही कुंजी है- स्वयं एवं कार्य के प्रति ईमानदार रहें तो सफलता प्राप्त करने से कोई नहीं रोक पाएगा।
 
मूलांक 3 :
 
जिस भी व्यक्ति का जन्म किसी भी महीने की 3, 12, 21 अथवा 30 तारीख को हुआ है, उसका मूलांक 3 है।
यह हंसी-खुशी वाला वर्ष है। पारिवारिक जुड़ाव व प्रगाढ़ता वाला वर्ष है। घर में रिनोवेशन करवा सकते हैं। आर्थिक रूप से समृद्धि वाला वर्ष है।
 
मूलांक 4 :
 
जिस भी व्यक्ति का जन्म किसी भी महीने की 4, 13, 22 अथवा 31 तारीख को हुआ है, उसका मूलांक 4 है।
ये एक बहुत ही आध्यात्मिक वर्ष होने वाला है जिसमें आपको अपने आप में गहरे परिवर्तन लाना होंगे, अपने व्यवहार में परिवर्तन लाना होगा। अपने आसपास हो रहीं घटनाओं व परिस्थितियों को सिर्फ दृष्टाभाव से देखें एवं अपनी तरफ से कोई सहसा प्रतिक्रिया न दें, तो बेहतर रहेगा। काफी समय से बनाई गईं योजनाओं को इस साल मजबूत करना होगा जिससे कि वो आने वाले समय में बेहतर फलीभूत हो।
 
मूलांक 5 :
 
जिस भी व्यक्ति का जन्म किसी भी महीने की 5, 14 अथवा 23 तारीख को हुआ है, उसका मूलांक 5 है।
यह आर्थिक व सामाजिक रूप से प्रतिष्ठा बनाने वाला साल है। नए घर, व्यापारिक सौदे व जमीन-जायदाद में लाभ की स्थितियां हैं। यह वर्ष स्वास्थ्य के लिए बहुत अनुकूल नहीं है और मानसिक तनाव हो सकता है, जो कि स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। अत: योग, मेडिटेशन व व्यायाम पर ध्यान दें। जो विवाहयोग्य हैं, उनके विवाह की संभावना है।
 
मूलांक 6 :
 
जिस भी व्यक्ति का जन्म किसी भी महीने की 6, 15 अथवा 24 तारीख को हुआ है, उसका मूलांक 6 है।
यह अपने को नया बनाने व नई दिशा देने का साल है। गत कुछ वर्षों में हमने क्या किया, कैसे किया, किन स्थिति-परिस्थितियों से कहां तक आए हैं, क्या सही किया, क्या गलत हुआ, यह सब अवलोकन का वर्ष है। अपने आचरण को समझना है। अपने मित्रों व रिश्तेदारों को देखें। उनके क्रिया-कलापों व अनुभवों को देखें और उनसे सीखें किंतु प्रतिक्रिया न दें। नए अनुभव व परिस्थितियों को स्थिर भाव से स्वीकारना है। शांत व स्थिर भाव से कार्य करें। दृष्टाभाव से जो हो रहा है, उसे देखें और उससे सीखें। तीव्र भाव या प्रतिक्रिया नुकसानदायक रहेगी, अत: शांत भाव रखें। वर्ष बहुत अच्छा है और आपकी नई छवि बनाने वाला वर्ष है।
 
मूलांक 7 :
 
जिस भी व्यक्ति का जन्म किसी भी महीने की 7, 16 अथवा 25 तारीख को हुआ है, उसका मूलांक 7 है।
यह नई शुरुआत का वर्ष है। ज्ञान एवं लाभ का वर्ष है। नया व्यवसाय, नया स्थान, नए संबंध, नई मित्रता, नए व्यापारिक सौदे व इस वर्ष किया गया कार्य आने वाले कई वर्षों के लिए बेस बनाएगा। इस वर्ष किए गए कार्य आने वाले कई वर्षों तक लाभ देते रहेंगे।
 
मूलांक 8 :
 
जिस भी व्यक्ति का जन्म किसी भी महीने की 8, 17 अथवा 26 तारीख को हुआ है, उसका मूलांक 8 है।
यह वर्ष धैर्य के साथ चलने वाला वर्ष है। यह एक कठिन वर्ष है जिसमें आपको कठिन निर्णय लेने होंगे एवं कठोर मेहनत करना होगी। कठिन परिश्रम एवं धैर्य से ही सफलता मिलेगी, वो भी वर्षांत तक। अपने पिछ्ले निर्णयों पर फिर से विचार करना पड़ेगा और जहां-जहां पर सुधार की गुंजाइश है, वो करना होगा। धैर्य से संबंधों को बनाकर रखना है अन्यथा इस वर्ष आप बहुत से संबंधों से विच्छेद कर लेंगे, जो कि शुभ नहीं है।
 
मूलांक 9 :
 
जिस भी व्यक्ति का जन्म किसी भी महीने की 9, 18 अथवा 27 तारीख को हुआ है, उसका मूलांक 9 है।
यह आर्थिक रूप से बहुत अच्छा वर्ष है। आर्थिक रूप के कार्य बहुत लाभ देंगे एवं यह आर्थिक रूप से सुदृढ़ बनाने वाला वर्ष है। परिवार से जुड़ाव बढ़ेगा। कार्य, रंग-रूप व पारिवारिक जीवन में आगे बढ़ेंगे। शुभ समाचारों की प्राप्ति होगी।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी