यश राज फिल्म्स के 50 साल का जश्न, सलमान-शाहरुख-रितिक को लेकर होंगी फिल्में अनाउंस

शनिवार, 21 मार्च 2020 (10:45 IST)
यश राज फिल्म्स की गिनती भारत के बड़े फिल्म बैनर्स में से होती है। इस बैनर ने अनेक यादगार और सुपरहिट फिल्में बॉलीवुड को दी है। यश चोपड़ा द्वारा स्थापित इस बैनर का सारा काम उनके बेटे आदित्य चोपड़ा संभालते हैं। 
 
यह बैनर जल्दी ही 50 साल पूरे करने वाला है। इस मौके को आदित्य चोपड़ा विशेष बनाने वाले हैं। वे तमाम दिग्गज कलाकारों, जो यश राज के लिए काम कर चुके हैं, से उनके अनुभव को शूट कराएंगे और इसे एक डॉक्यूमेंट्री के रूप में भी बनाया जा सकता है। 
 
अमिताभ बच्चन, ऐश्वर्या राय, शाहरुख खान, सलमान खान, आमिर खान, रितिक रोशन, रणवीर सिंह, अनुष्का शर्मा, माधुरी दीक्षित जैसे तमाम कलाकार यश राज के साथ काम कर चुके हैं और वे अपने अनुभव शेयर करेंगे। सूत्रों के अनुसार इस प्लान को 'प्रोजेक्ट 50' का नाम दिया गया है। 
 
यही नहीं, जल्दी ही आदित्य कई फिल्में घोषित करने वाले हैं जो बड़े सितारों के साथ बनाई जाएगी। इनका बजट बहुत ज्यादा होगा और यह भव्य पैमाने पर बनाई जाएगी। 
 
सलमान के साथ टाइगर फ्रेंचाइज़ी की तीसरी फिल्म
सलमान खान के साथ टाइगर फ्रेंचाइज़ी की तीसरी फिल्म बनाई जाएगी जिसमें कैटरीना कैफ भी होगी। इसके पहले एक था टाइगर और टाइगर जिंदा है ब्लॉकबस्टर रही थी। 
 
शाहरुख को लेकर एक्शन फिल्म 
यश राज स्टूडियो से शाहरुख का गहरा नाता है। डर, दिल वाले दुल्हनिया ले जाएंगे, मोहब्बतें, दिल तो पागल है, वीर जारा, रब ने बना दी जोड़ी जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में वे इस बैनर के लिए कर चुके हैं। खबर है कि आदित्य चाहते हैं कि सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में शाहरुख एक एक्शन फिल्म करें। 
 
आमिर भी करेंगे
हालांकि आमिर खान बहुत कम काम करते हैं, लेकिन सूत्रों का कहना है कि उन्होंने यश राज फिल्म्स के लिए एक फिल्म करने की हामी भर दी है। स्क्रिप्ट का चयन बाद में होगा। यह फिल्म थोड़ी लेट शुरू होगी। 
 
रितिक और रणवीर भी
रणवीर सिंह को यश राज फिल्म्स ने ही लांच किया था। रितिक भी धूम और वॉर जैसी फिल्में इस बैनर के लिए कर चुके हैं। दोनों को लेकर अलग-अलग फिल्में प्लान की गई है। 
 
दीपिका-करीना भी होंगी हिस्सा 
इन फिल्मों में दीपिका पादुकोण, करीना कपूर खान, अनुष्का शर्मा जैसी अभिनेत्रियां भी हिस्सा होंगी। इन फिल्मों के अलावा और भी फिल्में बनाई जाएंगी। 
 
आदित्य चोपड़ा भव्य तरीके से अपने बैनर की 50वीं सालगिरह मनाना चाहते हैं। एक शानदार कार्यक्रम का भी आयोजन हो सकता है।  
 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी