बॉलीवुड 2018 : अभिनेताओं का स्कोरकार्ड

वर्ष 2018 में बॉलीवुड के दिग्गज स्टार्स का स्कोरकार्ड क्या रहा? किसने कितनी हिट दी और किसने कितनी फ्लॉप? पेश है साल भर का लेखा-जोखा।

 
आमिर खान
ठग्स ऑफ हिन्दोस्तान के पहले आमिर खान ने कौन-सी फ्लॉप फिल्म दी थी, इसके लिए दिमाग पर जोर डालना पड़ता है। आमिर भी इंसान हैं और उनसे भी फिल्म चुनने में गलती हो सकती है। करोड़ों की ठग्स ऑफ हिन्दोस्तान में ढंग की कहानी छोड़ सब कुछ था। यह फिल्म देखने के बाद सभी की जुबां पर एक ही सवाल था कि आमिर ने यह फिल्म क्यों की? 
ब्लॉकबस्टर : 0
सुपरहिट : 0
हिट : 0
औसत : 0
फ्लॉप : 1  


 
अक्षय कुमार 
अक्षय कुमार की इस वर्ष तीन फिल्में रिलीज हुईं और तीनों फायदे का सौदा साबित हुई। पैडमैन जहां हिट रहीं वहीं गोल्ड बॉक्स ऑफिस पर औसत रही। 2.0 में उन्होंने खलनायक का किरदार निभाया और हिंदी वर्जन सुपरहिट रहा। तीनों फिल्मों में अक्षय ने अलग-अलग भूमिकाएं निभा कर दिखाया कि वे हर तरह के रोल में हिट और फिट हैं।    
ब्लॉकबस्टर : 0
सुपरहिट : 1
हिट : 1  
औसत : 1  
फ्लॉप : 0 
 

 
अजय देवगन 
बतौर हीरो अजय देवगन की रिलीज होने वाली एकमात्र हिंदी फिल्म 'रेड' थी जिसमें उन्होंने ईमानदार इनकम टैक्स ऑफिसर की भूमिका कुशलता के साथ निभाई थी। सौ करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन करने वाली यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर हिट रही। हेलिकॉप्टर ईला और सिम्बा में वे बतौर मेहमान कलाकार नजर आएं। 
ब्लॉकबस्टर : 0
सुपरहिट : 0 
हिट : 1    
औसत : 0   
फ्लॉप : 0   


 
अमिताभ बच्चन 
अमिताभ बच्चन इस वर्ष छोटे परदे पर अपने शो 'कौन बनेगा करोड़पति' के जरिये नजर आए। यह शो अब भी बिग बी के कारण देखा जाता है। बड़े परदे पर वे '102 नॉट आउट' और 'ठग्स ऑफ हिन्दोस्तान' में नजर आए। 102 नॉट आउट में उनका अभिनय देखने लायक था, लेकिन ठग्स ऑफ हिन्दोस्तान देख उनके फैंस निराश हुए। हेलिकॉप्टर ईला और पैडमैन में उन्होंने कैमियो किया। 
ब्लॉकबस्टर : 0
सुपरहिट : 0
हिट : 0
औसत : 1      
फ्लॉप : 1  
 

 
रणबीर कपूर 
आखिरकार पांच वर्ष का सूखा समाप्त हुआ और रणबीर कपूर ने ब्लॉकबस्टर फिल्म दे ही डाली। संजू ने 300 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन किया। खास बात यह थी कि फिल्म में रणबीर कपूर हूबहू संजय दत्त नजर आए। यह रणबीर के करियर की अब तक की सबसे बड़ी हिट है। 
ब्लॉकबस्टर : 1 
सुपरहिट : 0
हिट : 0    
औसत : 0    
फ्लॉप : 0 


 
वरुण धवन 
2018 में रिलीज हुईं वरुण धवन की दोनों फिल्में 'कमर्शियल' नहीं थी। इन दोनों फिल्मों को कर वरुण के अंदर के अभिनेता को जरूर संतुष्टि मिली। 'अक्टोबर' में उन्होंने अपने करियर का बेहतरीन अभिनय किया और फिल्म औसत रही। सुई धागा से बहुत ज्यादा उम्मीद थी, लेकिन कम लागत के कारण इस फिल्म ने इतना व्यवसाय तो कर ही लिया कि इसे हिट कहा जा सके।  
ब्लॉकबस्टर : 0
सुपरहिट : 0 
हिट : 1     
औसत : 1      
फ्लॉप : 0
फ्लॉप : 0 

 
सिद्धार्थ मल्होत्रा 
सिद्धार्थ मल्होत्रा का ग्राफ तेजी से नीचे की ओर आ रहा है और इस साल वे और पीछे हो गए। अय्यारी नामक उनकी फिल्म बुरी तरह फ्लॉप रही। जरूरी है सिद्धार्थ को अच्छी फिल्म चुनने की। उनके साथी अभिनेता लगातार सिद्धार्थ से आगे बढ़ते जा रहे हैं। 
ब्लॉकबस्टर : 0
सुपरहिट : 0
हिट : 0    
औसत : 0     
फ्लॉप : 1 
 

 
अर्जुन कपूर 
अर्जुन लक्ष्य भटक रहे हैं और उनकी फिल्में खास कमाल नही कर पा रही है। 'नमस्ते इंग्लैंड' कब आई और कब गई पता ही नहीं चला। वे अपने अभिनय के बल पर भी दर्शकों को आकर्षित नहीं कर पा रहे हैं। फिलहाल तो करियर को पटरी पर लाना ही अर्जुन का सबसे बड़ा लक्ष्य है। 
ब्लॉकबस्टर : 0
सुपरहिट : 0
हिट : 0    
औसत : 0     
फ्लॉप : 1 

 
शाहिद कपूर
वर्षों से शाहिद कपूर बॉलीवुड में हैं, लेकिन अभी भी उनमें इतना दम नहीं है कि अपने बूते पर फिल्म सफल करा सकें। 'पद्मावत' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्म में वे जरूर नजर आएं, लेकिन सभी जानते हैं कि इस फिल्म की सफलता में उनका कितना हाथ था। सोलो हीरो वाली 'बत्ती गुल मीटर चालू' की असफलता ने इस बात को साबित कर दिया। 
ब्लॉकबस्टर : 1 
सुपरहिट : 0
हिट : 0    
औसत : 0   
फ्लॉप : 1 


 
टाइगर श्रॉफ
टाइगर श्रॉफ ने 2018 में बॉक्स ऑफिस पर जोरदार दहाड़ मारी। बागी 2 ने बॉक्स ऑफिस पर ऐसी ओपनिंग ली जिसके लिए अजय देवगन, अक्षय कुमार और रितिक रोशन जैसे सितारे तरसते हैं। एक्शन पैक्ड इस फिल्म को टाइगर ने अपने जोरदार स्टंट्स के जरिये सफल बनाया। सिंगल स्क्रीन सिनेमाघरों में फिल्म का व्यवसाय शानदार रहा। जरूरत है टाइगर को अब ज्यादा फिल्म करने की। 
ब्लॉकबस्टर : 0
सुपरहिट : 1 
हिट : 0    
औसत : 0    
फ्लॉप : 0  
 

 
राजकुमार राव 
राजकुमार राव की पहचान न केवल अच्छे अभिनेता के रूप में हैं बल्कि वे ऐसे स्टार भी हैं जो अपने नाम पर दर्शक जुटा लेते हैं भले ही इनकी संख्या कम हो। मल्टीप्लेक्स ऑडियंस उनकी फिल्म देखना पसंद करते हैं। इस वर्ष जहां 'ओमेर्टा' में उन्होंने अपने अभिनय से प्रभावित किया, वहीं लव सोनिया और 5 वेडिंग्स उनके नाम के अनुरूप नहीं थी। 'फन्ने खां' में वे ऐश्वर्या राय के अपोजिट नजर आए। यह बड़े बजट की फिल्म थी जो असफल रही। स्त्री नामक सुपरहिट फिल्म देकर राजकुमार ने अपनी फैन फॉलोइंग बढ़ा ली है। यह फिल्म उनकी अब तक की सबसे बड़ी हिट है। 
ब्लॉकबस्टर : 0
सुपरहिट : 1
हिट : 0     
औसत : 0     
फ्लॉप : 4

 
आयुष्मान खुराना 
पिछले वर्ष आयुष्मान खुराना ने 'शुभ मंगल सावधान' और 'बरेली की बर्फी' नामक सफल फिल्म दी थी। इस वर्ष आयुष्मान का कद और बढ़ या। वे स्टार बन गए हैं। अक्टोबर महीने में उनकी दो फिल्में 'अंधाधुन' और 'बधाई हो' रिलीज हुई और बॉक्स ऑफिस पर इन फिल्मों ने धमाकेदार सफलता हासिल की। एक थ्रिलर थी तो दूसरी कॉमेडी। आयुष्मान का नाम इस बात की गारंटी होने लगा है कि फिल्म में कुछ अलग देखने को मिलेगा।  
ब्लॉकबस्टर : 0
सुपरहिट : 1 
हिट : 1     
औसत : 0       
फ्लॉप : 0    

 
सलमान खान 
पिछले साल की तरह इस बार भी सलमान खान की 'ईद' फीकी रही। पिछले साल ट्यूबलाइट का फ्यूज उड़ गया था तो इस बार रेस 3 चार कदम चल लड़खड़ा गई। फिल्म भी इतनी बुरी थी कि सलमान के फैंस को भी पसंद नहीं आई। यमला पगला दीवाना फिर से, ज़ीरो और वेलकम टू न्यूयॉर्क जैसी फिल्मों में सलमान ने अपनी झलक दिखलाई। कुल मिलाकर इस बड़े सितारे के लिए यह वर्ष निराशाजनक ही रहा। 
ब्लॉकबस्टर : 0
सुपरहिट : 0
हिट : 0 
औसत : 0 
फ्लॉप : 1


 
रणवीर सिंह 
रणवीर सिंह वर्ष दर वर्ष अपना कद ऊंचा करते जा रहे हैं। उनकी फिल्म 'पद्मावत' 300 करोड़ क्लब में शामिल हुईं। अलाउद्दीन खिलजी के किरदार में उन्होंने बेहतरीन अभिनय किया। आलेख लिखे जाने तक सिम्बा भी हिट हो चुकी है। सुपरहिट भी साबित हो सकती है। पर्सनल लाइफ में भी रणवीर यह वर्ष हमेशा याद रखेंगे। अपनी गर्लफ्रेंड दीपिका पादुकोण को उन्होंने अपनी पत्नी बनाया। 
ब्लॉकबस्टर : 1 
सुपरहिट : 0
हिट : 1 
औसत : 0 
फ्लॉप : 0 


 
जॉन अब्राहम 
जो लोग जॉन अब्राहम को खत्म मान रहे थे उन्हें जॉन ने गलत साबित कर दिया। जॉन के करियर में फिर जान आ गई। परमाणु और सत्यमेव जयते का मिजाज एक-दूजे के बिलकुल विपरीत था, लेकिन दोनों ही फिल्मों को सफलता मिली। 'सत्यमेव जयते' तो अक्षय कुमार की 'गोल्ड' के सामने रिलीज होकर सफल रही और यह जॉन के लिए बड़ी बात है। एक बार फिर जॉन की ओर निर्माताओं का ध्यान गया है। 
ब्लॉकबस्टर : 0
सुपरहिट : 0
हिट : 2
औसत : 0 
फ्लॉप : 0
 

 
सनी देओल 
तमाम अटकी और रूकी हुई फिल्में सनी देओल की रिलीज हो गईं, लेकिन सभी का रिजल्ट एक जैसा रहा। यमला पगला दीवाना फिर से, मोहल्ला अस्सी और भैयाजी सुपरहिट बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह असफल रहीं। कहने वाले कह रहे हैं कि बतौर हीरो सनी देओल के करियर का इस वर्ष अंत हो गया। 
ब्लॉकबस्टर : 0
सुपरहिट : 0
हिट : 0 
औसत : 0 
फ्लॉप : 3 


 
शाहरुख खान 
शाहरुख खान को सफल फिल्म की ऐसी जरूरत शायद ही पहले कभी पड़ी हो। किंग खान पिछले तीन-चार सालों से जूझ रहे हैं। उनकी फिल्म ज़ीरो पर उन्होंने सब कुछ दांव पर लगा दिया, लेकिन ज़ीरो ज़ीरो ही साबित हुई। कहने वाले कह रहे हैं कि किंग खान के दिन लद गए। क्या यह सच है? 
ब्लॉकबस्टर : 0
सुपरहिट : 0
हिट : 0  
औसत : 0    
फ्लॉप : 1    
 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी