अक्षय कुमार की फिल्म 'मिशन रानीगंज' का गाना 'जलसा 2.0' हुआ रिलीज

WD Entertainment Desk

रविवार, 17 सितम्बर 2023 (11:25 IST)
Jalsa 2.0 song: बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार जल्द ही एक रेस्क्यू थ्रिलर फिल्म 'मिशन रानीगंज' में नजर आने वाले हैं। यह फिल्म 'रानीगंज कोलफील्ड' में एक असल जीवन की घटना से प्रेरित है और दिवंगत जसवंत सिंह गिल के साहसिक काम से प्रेरित है जिन्होंने भारत के कोल रेस्क्यू मिशन का नेतृत्व किया था।
 
जसवंत गिल ने 1989 में रानीगंज कोलफील्ड्स में 64 लोगों को बचाया था। फिल्म में अक्षय कुमार जसवंत सिंह गिल का किरदार निभाते नजर आएंगे। हाल ही में इस फिल्म का टीजर रिलीज हुआ था, जिसे दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला। अब मेकर्स ने फिल्म का पहला गाना 'जलसा 2.0' रिलीज कर दिया है। 
 
इस गाने में अक्षय कुमार और परिणीति चोपड़ा जमकर डांस करते हुए नजर आ रहे हैं। दोनों की केमिस्ट्री काफी शानदार दिख रही है। गाने में अक्षय कुमार जसवंत गिल के लुक में दिख रहे हैं। उन्होंने कुर्ता पायजामा और पगड़ी पहनी हुई है। वहीं, परिणीति चोपड़ा सलवार सूट में बेहद खूबसूरत नजर आ रही हैं।
 
इस गाने को सिंगर सतिंदर सरताज ने गाया है। गाने का म्यूजिक प्रेम और हरदीप ने दिया है। वहीं लिरिक्स सतिंदर सरताज ने लिखे हैं। 
 
बता दें कि वाशु भगनानी, जैकी भगनानी, दीपशिखा देशमुख और अजय कपूर द्वारा निर्मित 'मिशन रानीगंज' टीनू सुरेश देसाई द्वारा निर्देशित है। यह फिल्म 6 अक्टूबर 2023 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। 
Edited By : Ankit Piplodiya

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी