नीतू कपूर ने की शूटिंग सेट पर वापसी, अनुपम खेर बोले- ऐसा करके आपने ऋषिजी को सबसे ज्यादा खुश किया

शुक्रवार, 20 नवंबर 2020 (12:34 IST)
साल 2020 फिल्म इंडस्ट्री के लिए काफी बुरा साबित हुआ है। इस साल कई सेलेब्स ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर का भी निधन हो गया था। अब ऋषि के निधन के महीनों बाद उनकी पत्नी नीतू कपूर ने आगे बढ़ने का फैसला लेते हुए फिल्मों में वापसी कर ली है।

 
नीतू कपूर चंडीगढ़ में अपनी नई फिल्म 'जुग जुग जियो' की शूटिंग कर रही हैं। इस दौरान अनुपम खेर उनसे मिलकर काफी भावुक हो गए। अनुपम ने इस मुकालात को लेकर एक इमोशनल पोस्ट शेयर किया है। 
 
उन्होंने उन पलों को याद किया है जब वह दिवंगत एक्टर ऋषि कपूर और नीतू कपूर से न्यूयॉर्क में मिले थे। अनुपम खेर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर कुछ फोटोज शेयर की हैं, जिसमें वह नीत कपूर और ऋषि कपूर के साथ नजर आ रहे हैं।
 
अनुपम ने तस्वीरों के साथ कैप्शन में लिखा, 'डियर नीतू। पिछली रात चंडीगढ़ में ऋषि कपूर की गैर मौजूदगी में तुमसे मिलने पर न्यूयॉर्क की कई यादें ताजा हो गईं। हमारे साथ में बहाए गए उन आंसूओं ने उन पलों के बंधन को और मजबूत बना दिया।'
 
नीतू के फिल्मों में वापसी करने पर अनुपम खेर ने कहा, मुझे बहुत खुशी है कि आप फिर से काम कर रही हैं। ऐसा कर के आपने ऋषि जी को ही सबसे ज्यादा खुश किया है। आपके हम सभी दोस्त आपके साथ हमेशा हैं। याद रखिएगा। कुछ रिश्ते टेप रिकॉर्डर के पॉज बटन की तरह होते हैं। वे हमेशा उसी जगह से शुरू होते हैं जहां से छोड़े जाते हैं। प्यार और दुआएं।
 
नीतू ने बीते दिनों शूटिंग के दौरान कैमरे के पीछे की एक तस्‍वीर शेयर की थी और बताया था कि वह सेट पर लौटकर थोड़ी डरी हुई महसूस कर रही हैं। उन्‍होंने इस पोस्‍ट में ऋषि कपूर का भी जिक्र किया था। नीतू ने लिखा कि वह सेट पर ऋषि कपूर के प्‍यार और मौजूदगी को महसूस कर रही हैं।
 
बता दें कि फिल्म 'जुग जुग जियो' में नीतू कपूर के साथ अनिल कपूर, कियारा आडवाणी, वरुण धवन और प्राजक्‍ता कोली प्रमुख भूमिकाओं में हैं। नीतू कपूर इससे पहले 2013 में रणबीर कपूर और ऋषि कपूर के साथ फिल्‍म 'बेशरम' में नजर आई थीं।
 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी