इस दुर्लभ बीमारी से जंग लड़ रही थीं सुहानी भटनागर, दंगल गर्ल के माता-पिता ने बताई दर्दनाक कहानी

WD Entertainment Desk

रविवार, 18 फ़रवरी 2024 (11:09 IST)
‍Suhani Bhatnagar: फिल्म 'दंगल' में यंग बबीता फोगाट का किरदार निभाने वाली एक्ट्रेस सुहानी भटनागर के अचानक निधन से हर कोई दुखी है। 19 साल की यंग एक्ट्रेस बीते 2 महीनों से बेड पर थीं। सुहानी को एक रेयर बीमारी हो गई थीं। उनके शरीर में पानी भरने लगा और फेफड़े खराब हो गए थे। 
 
सुहानी के माता-पिता ने अपनी लाडली बेटी के निधन के बाद मीडिया संग बात की। उन्होंने सुहानी की बीमारी के बारे में बताया है। सुहानी के पिता पुनीत भटनागर ने बताया कि सुहानी को 2 महीने पहले बाएं हाथ में स्वेलिंग शुरू हो गई थी। सूजन भी आने लगी थी। उन्हें लगा कि बेटी को एलर्जी हुई है। काफी डॉक्टरों को दिखाया। 
 
सुहानी के पिता ने बताया कि उनकी बेटी की बीमारी को कोई भी डॉक्टर पकड़ नहीं पाए। करीब 11 दिन पहले सुहानी को दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया। यहां पता चला की सुहानी को डर्मेटोमायोसाइटिस नाम की बीमारी हुई है, जो बेहद रेयर बीमारी की श्रेणी में आती है।
 
पुनीत भटनागर ने कहा, इस बीमारी के दुनियाभर में 4-5 केस ही हैं। यह बच्चों के लिए बहुत जानलेवा होती है। इस बीमारी में रिकवरी बहुत धीरे-धीरे रिकवरी होती है। एम्स के डॉक्टरों ने बताया था कि इसका इलाज भी सिर्फ स्टेरॉयड्‌स ही हैं। जब डॉक्टरों ने उपचार के दौरान स्टेरॉयड्स देने शुरू किए तो सुहानी की बॉडी इम्यूनिटी कमजोर होती गई। उसके शरीर में इन्फेक्शन हो गया। उसे जो भी दवाएं दी गई, उसके मसल्स के जरिए पानी बॉडी में चला गया।
 
उन्होंने कहा, सुहानी के शरीर में पानी भरना शुरू हो गया। फिर उसे आईसीयू में भर्ती किया गया। उसके फेफड़े भी कमजोर हो गए। फेफड़ों में पानी भर गया और उसका सांस लेना मुश्किल हो गया। वैंटिलेटर पर भी डाला लेकिन ऑक्सीजन लेवल नहीं बढ़ा। सुहानी 16 फरवरी की शाम को इस दुनिया को अलविदा कह गईं। 
 
सुहानी की मां पूजा भटनागर ने कहा, उन्हें अपनी बेटी पर बेहद गर्व है। वह बचपन से ही प्रिंट के लिए मॉडलिंग करती थीं। 'दंगल' के लिए उन्हें 25 हजार बच्चों में से चुना गया था। वह बचपन से ही कैमरा फ्रेंडली थीं। वह अपनी पढ़ाई पूरी कर फिल्मों में काम करना चाहती थीं।
 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी