महाभारत में अर्जुन का किरदार निभाकर घर-घर में लोकप्रिय हो गए थे फिरोज खान, बाद में रख लिया यही नाम

बुधवार, 22 अप्रैल 2020 (17:30 IST)
लॉकडाउन की वजह से दूरदर्शन पर 'रामायण' और 'महाभारत' सीरियल एक बार फिर प्रसारित किए जा रहे हैं। इस दौरान इन सीरियल से जुड़े किरदारों के किस्से भी सामने आ रहे हैं। बीआर चोपड़ा की महाभारत में अर्जुन का किरदार फिरोज खान ने निभाया था। इस किरदार को निभाने के बाद फिरोज खान ने अपना नाम अर्जुन ही रख लिया। 
 
खबरों के अनुसार फिरोज खान को अपना नाम बदलने की सलाह महाभारत की पटकथा और संवाद लेखक डॉ राही मासूम रजा ने दी थी। डॉ राही मासूम रजा ने उनसे कहा कि उनका 23 हजार लोगों में सेलेक्शन हुआ है। ऐसे में अर्जुन नाम ही होना चाहिए। वो लगते भी अर्जुन जैसे ही हैं और इंडस्ट्री में भी कोई इस नाम से नहीं है।
 
एक इंटरव्यू के दौरान फिरोज खान ने बताया था, 'महाभारत सीरियल में अर्जुन के किरदार से जो पहचान और प्यार मुझे मिला, वो मेरे जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। मैं एक मुस्लिम फैमिली में पैदा हुआ हूं और मेरा नाम फिरोज खान है, लेकिन अर्जुन की भूमिका से इतनी शोहरत मिली कि मुझे जन्म देने वाली मां भी अब मुझे अर्जुन कहकर पुकारती है।'
 
अर्जुन ने 'महाभारत' के अलावा फिल्मों में भी काम किया है। साल 1984 में उन्होंने फिल्म 'मंजिल-मंजिल' से सिनेमा की दुनिया में कदम रखा। आज भी उन्हें उनके दमदार अभिनय की बदौलत लोग अर्जुन के नाम से ही जानते हैं।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी