परिणीति चोपड़ा का ससुराल में हुआ ग्रैंड वेलकम, पति संग निभाई रस्में, वीडियो वायरल

WD Entertainment Desk

शनिवार, 7 अक्टूबर 2023 (13:16 IST)
Parineeti Chopra Wedding Video: बॉलीवुड एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा 24 सितंबर को राघव चड्ढा संग उदयपुर में शादी के बंधन में बंधी थीं। शादी के बाद परिणीति हैप्पी मैरिड लाइफ एंजॉय कर रही हैं। साथ ही वह अपनी ड्रीमी वेडिंग की तस्वीरें और वीडियो भी फैंस के साथ शेयर कर रही हैं।
 
इसी बीच दुल्हन परिणीति का अपने ससुराल में हुए भव्य स्वागत का वीडियो सामने आया है। वीडियो में परिणीति अपने ससुराल में शादी के बाद की रस्में निभाती दिख रही हैं। सभी लोग नई दुल्हन पर प्यार लुटाते दिख रहे हैं। 
 
वीडियो में परिणीति चोपड़ा ग्रीन कलर का सूट पहने नजर आ रही हैं। सबसे पहले ढोल-नगाड़ो के साथ परिणीति का ससुराल में भव्य स्वागत किया जाता है। इसके बाद वह दीवार पर अपने हाथों की छाप बनाते हुए दिख रही हैं। वीडियो में परिणीति और राघव गेम खेलते हुए भी दिख रहे हैं। 
 
वीडियो में परिणीति खुलासा करती हैं कि उन्होंने ही सबसे पहले राघव चड्ढा को प्रपोज किया था। इसके बाद परिणीति और राघव को रिंग रस्म खेलते हुए भी देख सकते हैं, जिसमें एक अंगूठी को पानी व दूध के कटोरे में डुबोया जाता है और न्यूली मैरिड कपल को अंगूठी की तलाश करनी होती है।
 
परिणीति चोपड़ा वीडियो में कहती हैं कि उन्हें दुनिया की बेस्ट फैमिली मिली है जिन्होंने उन्हें रानी की तरह एहसास कराया है। वीडियो में परिणीति के ससुराल वालों के अलावा उनके माता-पिता और भाई भी नजर आ रहे हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। 
Edited By : Ankit Piplodiya

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी