फैन ने अपनी जायदाद की संजय दत्त के नाम

फैंस के लिए संजय दत्त की दीवानगी अब तक कम नहीं हुई है। भले ही संजय दत्त के जीवन में कितनी ही मुश्किलें आई हो और उन्होंने कितने ही बुरे दिन देखें हो लेकिन उनके फैंस उन्हें दिल खोलकर प्यार करते हैं। हाल ही में उनकी एक ऐसी फैन की खबर सामने आई है जिसने अपनी पूरी जायदाद ही उनके नाम कर दी। 
 
अजीब लेकिन सच्ची खबर है। मुंबई निवासी 62 वर्षीय निशी हरिशचंद्र त्रिपाठी का हाल ही में निधन हुआ। उनके निधन के बाद वकील ने उनकी जायदाद का मालिक एक्टर संजय दत्त को बताया। 
 
निशी साउथ मुंबई के एक इलाके में रहती थीं। उनके पास मालाबार हिल्स में 3 बीएचके का करीब 10 करोड़ का एक फ्लैट था। फ्लैट के साथ ही उनकी कुछ और कीमती वस्तुओं को भी उन्होंने संजय दत्त के नाम किया। 
 
उनके परिवार ने बताया कि निशी, संजय दत्त की बहुत बड़ी फैन थीं। उन्होंने अपनी जायदाद को संजय दत्त के नाम करने का फैसला भारतीय विद्या भवन की एक प्रेयर मीट के बाद किया। उनके परिवार में उनकी 80 साल की मां और तीन भाई-बहन हैं।  
 
उनके निधन के बाद उनके वकील ने बैंक से बात कर बताया कि उनकी प्रॉपर्टी संजय दत्त के नाम है और बैंक ने संजय दत्त को कॉल किया। 
 
जैसे ही संजय दत्त को बैंक ऑफ बड़ौदा से इस बात की खबर लगी उन्होंने इसे अपनाने से मना कर दिया। बैंक ने इसका लेटर और नॉमिनी फॉर्म भी दिखाया जिसमें संजय दत्त का नाम और पता लिखा हुआ है। 

ALSO READ: शम्मी आंटी को अमिताभ बच्चन ने बताया परिवार का हिस्सा
 
संजय ने निशी के इस प्यार के बारे में आभार व्यक्त किया और परिवार को कहा कि वे उनकी जायदाद का एक पैसा भी नहीं लेना चाहते। संजय के वकील सुभाष जाधव इस बारे में कानूनी कार्यवाही कर रहे हैं। 
 
संजय दत्त अपने फैन से इतना प्यार पाकर बहुत खुश हैं। उन्होंने अपने किसी फैन को इस तरह का प्यार जताते नहीं देखा। लेकिन वे इसमें से कुछ भी लेना नहीं चाहते। 
 
वकील जाधव का कहना है कि वे जल्द से जल्द यह जायदाद निशी के परिवार वालों के नाम करवा देंगे। संजय दत्त की फैन फॉलोइंग के चलते उन पर एक बायोपिक भी बनाई गई है जिसमें रणबीर कपूर मुख्य भुमिका में हैं। 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी