हाल ही में संजय दत्त ने महेश भट्ट से मुलाकात की। संजय दत्त और महेश भट्ट ने सबसे पहले 'नाम' फिल्म में साथ काम किया था। यह फिल्म राजेन्द्र कुमार ने अपने बेटे कुमार गौरव के करियर को संवारने के लिए बनाई थी। साथ में संजय दत्त को भी उन्होंने फिल्म में लिया था। 'लव स्टोरी' के बाद कुमार गौरव की कई फिल्में फ्लॉप रही थीं और राजेन्द्र कुमार को उम्मीद थी कि 'नाम' के बाद गौरव का करियर फिर से पटरी पर आ जाएगा।
नाम सुपरहिट रही, लेकिन सारा फायदा संजय दत्त को मिला। उनका रोल ग्रे शेड्स लिए था और संजय का यह अंदाज लोगों को खूब भाया। बाद में महेश भट्ट के साथ संजय ने कुछ और फिल्में भी की जिसमें से 1991 में प्रदर्शित 'सड़क' को आज भी याद किया जाता है।