हॉकी चैंपियन संदीप सिंह की जीवनी 'सूरमा' अब बॉलीवुड फिल्म फेस्टिवल नॉर्वे में होगी प्रदर्शित

दिलजीत दोसांझ और तापसी पन्नू स्टारर 'सूरमा' को बॉलीवुड में रिलीज हुए कुछ सप्ताह हो गए हैं, लेकिन अब भी सूरमा का जादू बरकरार है। भारत के दर्शकों को हॉकी चैंपियन संदीप सिंह का जीवन दर्शाने के बाद अब यह फिल्म पूरी दुनिया में अपना जादू निखेरने के लिए तैयार है।

शाद अली द्वारा निर्देशित 'सूरमा' को बॉलीवुड फिल्म फेस्टिवल नॉर्वे में दिखाया जाएगा। यह फिल्म 16वें वार्षिक बॉलीवुड फेस्टिवल नॉर्वे 2018 के लिए चुनी गई है। यह फिल्म फेस्टिवल में 8 सितंबर को प्रदर्शित होगी। जबकि फेस्टिवल 7 सितंबर को शुरू होगा।

फिल्म को इस फेस्टिवल के लिए चुने जाने पर फिल्म की कास्ट और क्रू बहुत उत्साहित है। शाद अली द्वारा निर्देशित इस फिल्म में दिलजीत दोसांझ, तापसी पन्नू, अंगद बेदी, विजय राज और सतीश कौशिक जैसे कलाकार मुख्य किरदार में हैं।

यह रियल लाइफ स्टोरी हॉकी खिलाड़ी संदीप सिंह की कहानी है जिसने भारत के लिए हॉकी में कई मेडल जीते, लेकिन एक बुरे हादसे के बाद उन्हें व्हील-चेयर पर आना पड़ गया था। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और कुछ ही समय में हिम्मत कर दोबारा अपने पैरों पर खड़े होकर भारत के लिए हॉकी खेली। संदीप सिंह को 'फ्लिकर सिंह' भी कहा जाता है।

खास बात यह है कि इनकी यह जीवनी पहले कई असामान्य बच्चों के स्कूलों में दिखाई जा चुकी है। साथ ही पुणे के सोल्जर्स के रिहेबिलिटेशन सेंटर्स में भी इसकी स्पेशल स्क्रीनिंग की जा चुकी है। फिल्म का बॉलीवुड फिल्म फेस्टिवल में चुना जाना गर्व की बात है।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी