स्ट्रीट डांसर 3डी के फ्लॉप होने के बाद वरुण धवन ने ठुकराई रेमो की अगली फिल्म

मंगलवार, 4 फ़रवरी 2020 (11:19 IST)
हाल ही में वरुण धवन और रेमो डिसूजा की फिल्म 'स्ट्रीट डांसर 3डी' रिलीज हुई थी जो बॉक्स ऑफिस पर असफल हो गई है। फिल्म के निराशाजनक प्रदर्शन से वरुण धवन बेहद आहत हैं क्योंकि तीन साल से उन्होंने कोई बड़ी हिट फिल्म नहीं दी है और इस फिल्म से उन्हें बहुत ज्यादा उम्मीद थी।  
 
रेमो के लिए यह बात और भी ज्यादा चिंताजनक है क्योंकि उनकी असफल फिल्मों की हैटट्रिक हो गई है। इसके पहले उनकी फ्लाइंग जट्ट और रेस 3 भी असफल रही थी। अब रेमो को अगली फिल्म के लिए परेशानी हो रही है। 


 
रेमो ने अपनी अगली फिल्म वरुण धवन को लेकर ही प्लान की थी जो डांस बेस्ड है। सूत्रों के अनुसार वरुण ने इस फिल्म में काम करने से इंकार कर दिया है। 
 
वे रेमो के साथ अब काम नहीं करना चाहते हैं। रेमो ने स्ट्रीट डांसर 3डी बहुत ही खराब तरीके से बनाई है और वरुण को लग रहा है कि उनकी सारी मेहनत बेकार हो गई है। 
 
वरुण के इनकार से रेमो को करारा झटका लगा है और अब उन्हें अपनी अगली फिल्म को शुरू करने में कई तरह की परेशानियां होंगी। अब शायद कोई भी बड़ा स्टार रेमो के साथ काम करना पसंद नहीं करेगा। 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी