अमृतसर के अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी से 6 मरीजों की मौत, जिला प्रशासन से लगाई थी बार-बार गुहार

शनिवार, 24 अप्रैल 2021 (15:44 IST)
अमृतसर। पंजाब के अमृसर स्थित एक अस्पताल में शनिवार को ऑक्सीजन की कमी से 6 मरीजों की मौत हो गई। अस्पताल के अधिकारियों ने यह जानकारी देते बताया कि मृतकों में से 5 कोरोनावायरस से संक्रमित थे। नीलकांत अस्पताल के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक सुनील देवगन ने कहा कि जिला प्रशासन से बार-बार मदद की गुहार लगाने के बावजूद किसी ने मदद नहीं की।

ALSO READ: ऑक्सीजन संकट पर दिल्ली हाईकोर्ट सख्त, कहा- ऑक्सीजन सप्लाय रोकने वाले को नहीं बख्शेंगे

उन्होंने कहा कि 2 महिलाओं सहित 6 मरीजों की मौत ऑक्सीजन की कमी से हुई है। देवगन ने बताया कि मरीजों की मौत होने के बाद ऑक्सीजन के 5 सिलेंडर पहुंचाए गए। बार-बार संपर्क करने के बावजूद जिला प्रशासन का कोई भी अधिकारी मामले पर टिप्पणी करने के लिए उपलब्ध नहीं हुआ। अस्पताल के अध्यक्ष ने दावा किया कि उसके 3 प्रमुख ऑक्सीजन आपूर्तिकर्ताओं ने कहा कि आपूर्ति के मामले में सरकारी अस्पतालों को प्राथमिकता दी जा रही है।



ALSO READ: दिल्ली में ऑक्सीजन संकट, जयपुर गोल्डन अस्पताल में 20 मरीजों की मौत
 
देवगन ने आरोप लगाया कि निजी अस्पतालों को ऑक्सीजन की आपूर्ति रोकने के लिए ऑक्सीजन संयंत्रों के बाहर पुलिस बल की भारी तैनाती की गई है। उन्होंने बताया कि जिन 6 मरीजों की मौत शनिवार को हुई, उनमें से 2 मरीज गुरदासपुर जिले के और 1 मरीज तरनतारण का था जबकि बाकी 3 मरीज अमृतसर के ही थे। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी