रिलायंस का बड़ा ऐलान, PM केयर फंड में 500 करोड़, 5 लाख लोगों को 10 दिन तक खाना

सोमवार, 30 मार्च 2020 (19:54 IST)
मुंबई। कोरोना वायरस (Corona virus) के मद्देनजर रिलायंस इंडस्ट्रीज (Reliance Industries) ने प्रधानमंत्री केयर फंड में 500 करोड़ रुपए देने की घोषणा की है। इसके साथ ही रिलायंस 5 लाख लोगों को अगले 10 दिन तक भोजन भी उपलब्ध करवाएगी। इसके अलावा 5-5 करोड़ रुपए महाराष्ट्र और गुजरात मुख्यमंत्री राहत कोष में भी देने की घोषणा की गई है।

इससे पहले भी रिलायंस फाउंडेशन ने 100 बिस्तरों का पहला कोविड-19 अस्पताल मात्र 2 हफ्तों में तैयार किया था। रिलायंस 1 लाख मास्क और हजारों की संख्या में पर्सनल प्रोटेक्टिव इक्विपमेंट (PPE) भी तैयार कर रहा है। ताकि देश के स्वास्थ्यकर्मियों का ख्याल रखा जा सके। इमरजेंसी वाहनों में फ्री ईंधन और डबल डेटा रिलायंस पहले से ही उपलब्ध करा रहा है।

संकट की घड़ी में देश के साथ : रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी ने कहा कि हमें विश्वास है कि भारत कोरोना वायरस की आपदा पर जल्द से जल्द विजय प्राप्त कर लेगा। रिलायंस इंडस्ट्रीज की पूरी टीम संकट की इस घड़ी में देश के साथ है और कोविड-19 के खिलाफ इस लड़ाई को जीतने के लिए सब कुछ करेगी।

रिलायंस फाउंडेशन की संस्थापक चेयरपर्सन श्रीमती नीता अंबानी ने कहा कि जैसे राष्ट्र कोविड-19 महामारी से लड़ने के लिए एकजुट है, वैसे ही रिलायंस फाउंडेशन अपने देशवासियों और महिलाओं के साथ मजबूती से खड़ा हैं। खासकर उन लोगों के लिए जो पहली पंक्ति में इससे लड़ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि हमारे डॉक्टरों और कर्मचारियों ने भारत का पहला कोविड-19 अस्पताल स्थापित करने में मदद की है और हम कोविड-19 की स्क्रीनिंग, परीक्षण, रोकथाम और उपचार में सरकार का सहयोग करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी