कांग्रेस विधायक गोवर्धन दांगी का निधन

मंगलवार, 15 सितम्बर 2020 (12:00 IST)
राजगढ़। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले की ब्यावरा विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करने वाले कांग्रेस विधायक गोवर्धन दांगी का आज तड़के निधन हो गया। वे 63 वर्ष के थे। उनके परिवार में पत्नी, दो पुत्री और एक पुत्र है। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार दांगी को इलाज के लिए दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आज तड़के उन्होंने अस्पताल में ही अंतिम सांस ली। बताया गया है कि हृदयाघात के चलते उनका निधन हुआ।
 
दांगी को कुछ समय पहले कोरोना संक्रमण के चलते भोपाल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन बेहतर इलाज के लिए उन्हें एयर एंबुलेंस से दिल्ली के अस्पताल में 4-5 दिन पहले भेजा गया था। वहां पर इलाज के बाद उनका कोरोना टेस्ट भी निगेटिव आ गया था, लेकिन स्वास्थ्य पूरी तरह ठीक नहीं होने के कारण उनका इलाज चल रहा था। इस बीच आज तड़के उनका निधन हो गया। दांगी की पार्थिव देह आज शाम तक ब्यावरा लाए जाने की उम्मीद है।
 
मुख्यमंत्री ने जताया शोक : प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने राजगढ़ जिले के ब्यावरा के कांग्रेस विधायक गोवर्धन दांगी के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
 
चौहान ने अपने ट्वीट के जरिए कांग्रेस विधायक दांगी के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश की ब्यावरा विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक दांगी के निधन का समाचार मिला। ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान देने की प्रार्थना करते हैं। (वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी