दिल्ली कबड्‍डी से में पंजे से पस्त कमल

मंगलवार, 9 दिसंबर 2008 (15:37 IST)
-रासबिहारी

दिल्ली के चुनावी दंगल में कांग्रेस के सभी दिग्गजों ने भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों को फिर पटकनी दे दी है। भाजपा के कई दिग्गज चुनाव में जीत नहीं पाए। भाजपा के बड़े नेताओं को जीत के लिए पूरा दमखम लगाना पड़ा।

मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के साथ ही वित्तमंत्री डॉ. अशोक कुमार वालिया, विकास मंत्री राजकुमार चौहान, उद्योग मंत्री मंगतराम सिंघल, शिक्षामंत्री अरविंदर सिंह लवली, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. योगानंद शास्त्री और परिवहन मंत्री हारून यूसुफ ने भी चुनाव में बाजी मारी है।

डॉ. वालिया, चौहान और हारून ने लगातार चौथी बार कामयाबी हासिल की है। श्रीमती दीक्षित, डॉ. शास्त्री, सिंघल और लवली ने जीत की हैटट्रिक लगाई है। मुख्यमंत्री के संसदीय सचिव रहे नसीबसिंह ने भी तीसरी बार बाजी मारी है। डॉ. शास्त्री को चुनाव में कड़ी मेहनत करनी पड़ी। दिल्ली के मेयर रहे सतबीरसिंह बागी उम्मीदवार के तौर पर मैदान में थे। हारून यूसुफ भी पिछड़ने के बाद ही जीत पाए।

पिछले 50 साल से दिल्ली की राजनीति में सक्रिय विधानसभा अध्यक्ष चौधरी प्रेम सिंह चौथी बार चुनाव जीते हैं। प्रेम सिंह भी बागियों से घिरे हुए थे। कांग्रेसी दिग्गज नेताओं में पूर्व मंत्री डॉ. नरेन्द्र नाथ-शाहदरा, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रहे रामबाबू शर्मा-रोहतास नगर, किरण वालिया-मालवीय नगर से चुनाव जीते हैं।

कांग्रेस के सात मौजूदा विधायक इस बार चुनाव नहीं जीत पाए। मोती नगर से अंजलि राय, गोकलपुर से बलजोरसिंह, हरि नगर से रमेश लांबा, दिल्ली कैंट से अशोक आहूजा, शकूर बस्ती से एससी वत्स, घौंडा से भीष्म शर्मा और बदरपुर से चुनाव लड़े कांग्रेस के रामवीर सिंह बिधूड़ी इस बार विधानसभा में नहीं दिखाई देंगे।

भाजपा के विधायक रहे मांगेराम गर्ग-वजीरपुर, मोतीलाल सोढ़ी-बल्लीमारान और विजय जौली-नई दिल्ली से चुनाव हार गए हैं। दिल्ली भाजपा के कई दिग्गज नेता चुनाव नहीं जीत पाए हैं। दोनों महामंत्री पवन शर्मा और आलोक कुमार चुनाव हार गए हैं।

आलोक कुमार की यह लगातार तीसरी हार है। पवन शर्मा को कई साल की मेहनत के बाद उत्तम नगर से चुनाव मैदान में उतारा गया था। दो बार विधायक रह चुके रामभज भी मालवीय नगर से चुनाव हार गए हैं। रामभज पिछली बार सरोजनी नगर से चुनाव हारे थे।

भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अनिता आर्य पटेल नगर से चुनाव हारी हैं। उन्हें कांग्रेस के विधायक राजेश लिलौथिया ने हराया है। विपक्ष के नेता जगदीश मुखी, उपनेता सुरेन्द्रपाल रातावाल, पूर्व मंत्री हरशरणसिंह बल्ली और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. हर्षवर्धन चुनाव जीत गए हैं।

डॉ. हर्षवर्धन, मुखी और बल्ली चौथी बार चुनाव जीते हैं। भाजपा के साहबसिंह चौहान-घौंडा और जयभगवान अग्रवाल-रोहिणी से चौथी बार चुनाव जीते हैं।

वेबदुनिया पर पढ़ें