महाशिवरात्रि के मौके पर महाकुंभ का पहला शाही स्नान जारी

निष्ठा पांडे

गुरुवार, 11 मार्च 2021 (22:52 IST)
हरिद्वार। महाशिवरात्रि के मौके पर महाकुंभ का पहला शाही स्नान जारी है। आईजी कुंभ, संजय गुंज्याल का दावा है कि बुधवार रात 12 बजे से सुबह 7 बजे तक 22 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने स्नान किया है।संन्यासी संतों के अखाड़ों के शाही स्नान से पहले सुबह करीब 7 बजे हरकी पैड़ी घाट खाली करवा दिया गया।सुबह 11 बजे से अखाड़ों के संतों ने स्नान करना शुरू किया।

श्रद्धालु हरकी पैड़ी क्षेत्र छोड़कर अन्य घाटों पर स्नान कर रहे हैं।सबसे पहले जूना अखाड़ा के संतों ने स्नान किया। आह्वान अखाड़ा स्नान के लिए हरकी पैड़ी पहुंचा। इसके बाद आह्वान अखाड़े और फिर किन्नर अखाड़े ने शाही स्नान किया।

किन्नर अखाड़ा पहली बार हरिद्वार कुंभ में शामिल हो रहा है। शाही स्नान के लिए उत्तराखंड पुलिस के बैंड ने नमो: शिवाय की धुन बजाकर साधुओं का स्वागत किया। हर की पैड़ी पर आज सिर्फ साधु-संत ही स्नान कर रहे हैं।

रथों पर सवार होकर अखाड़ों के आचार्य महामंडलेश्वर हरकी पैड़ी पहुंचे।जूना, आह्वान, अग्नि और किन्नर अखाड़ों के संत स्नान कर अपने छावनियों में चले गए हैं।अन्य चार अखाड़े क्रमवार स्नान के लिए आ रहे हैं। हरकी पैड़ी पर पुलिस और पैरामिलिट्री के सुरक्षा घेरे में संतों को हरकी पैड़ी के घाट तक पहुंचाया गया।

लोगों को उनके नजदीक नहीं जाने दिया गया। हरिद्वार कुंभ प्रशासन के मुताबिक, महाशिवरात्रि के मौके पर रात 12 बजे से शाम 6.30 बजे तक 32 लाख 87 हजार लोगों ने आस्था की डुबकी लगाई है।अभी भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा में स्नान कर रहे हैं।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी