यमन में हवाई हमले, 7 लोगों की मौत, 1500 गर्भवती महिलाओं की जिंदगी खतरे में

गुरुवार, 15 नवंबर 2018 (12:37 IST)
सना। यमन में विद्रोहियों के कब्जे वाले बंदरगाह शहर हुदयदाह में सऊदी अरब नीत गठबंधन के हवाई हमलों में कम से कम सात आम लोगों की मौत हो गई। यमन के सुरक्षा और चिकित्सा अधिकारियों ने यह जानकारी दी।


अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को किए गए हवाई हमले में एक बस को निशाना बनाया गया जो संघर्ष से बच कर भाग रहे आम लोगों को ले जा रही थी। इस हमले में चार लोग जख्मी भी हुए हैं। गठबंधन ने इस हमले को लेकर कोई टिप्पणी नहीं की है।

गठबंधन के बल बंदरगाह शहर से सिर्फ पांच किलोमीटर दूर हैं जो यमन में रसद और मदद पहुंचाने के लिए एक अहम बंदरगाह है। गठबंधन बलों के आगे बढ़ने के बाद, शत्रुता को कम करने के लिए एक अनौपचारिक सहमति पर पहुंचने के एक दिन बाद यह हमला हुआ है। गठबंधन सेना शिया बागियों से अहम बंदरगाह शहर को अपने कब्जे में लेने की कोशिश में है।

उन्होंने महीनों से अभियान से चलाया हुआ है। संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष ने बुधवार को चेताया कि हुदयदाह में हो रही जंग में फंसी कम से कम 1500 गर्भवती महिलाओं की जिंदगी खतरे में है क्योंकि आपात स्थिति में देखभाल मुहैया कराने वाला शहर का एक मात्र अस्पताल पहुंच से बाहर हो गया है।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी