इंडोनेशिया में भूकंप और सुनामी में मृतक संख्‍या हुई 2010, मलबे में दबे लोग

मंगलवार, 9 अक्टूबर 2018 (23:17 IST)
जकार्ता। इंडोनेशिया की आपदा एजेंसी ने कहा कि सुलावेसी द्वीप में भूकंप और सुनामी में मरने वालों की संख्या दो हजार से ज्यादा हो गई है। एजेंसी के प्रवक्ता सुतोपो पुरवो नुगरोहो ने मंगलवार को बताया कि मृतकों की संख्या बढ़कर 2010 हो गई है।


सुलावेसी द्वीप पर पिछले महीने 28 सितंबर को पहले भूकंप आया था फिर सुनामी आई थी। नुगरोहो ने बताया कि आपदा में बुरी तरह से प्रभावित हुए पालू शहर के तीन इलाकों में लापता लोगों की तलाश गुरुवार को रोक दी जाएगी। इन तीन इलाकों में पीड़ितों के कीचड़ और मलबे में दफन होने का अंदेशा है।

उन्होंने कहा कि पेतोबो, बालारोओ और जोने ओज इलाकों में खोज अभियान खत्म करने पर प्रार्थनाओं का आयोजन किया जाएगा। इन इलाकों में जमीन फट गई थी और घर जमीन में दफन हो गए थे।

नुगरोहो ने कहा कि शवों को निकालने के प्रयास जारी नहीं रखे जा सकते हैं क्योंकि ये दुर्गम इलाका है और शव खराब होना शुरू हो गए होंगे और उनकी पहचान नहीं की जा सकती है। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी