प्रिंस हैरी और मेगन मर्केल के घर आया नन्हा शहजादा

सोमवार, 6 मई 2019 (23:21 IST)
लंदन। प्रिंस हैरी और मेगल मर्केल के घर एक नन्हे शहजादे ने जन्म लिया है। ब्रिटेन की डचेस ऑफ ससेक्स मेगन मर्केल ने सोमवार को बेटे को जन्म दिया। बच्चे का वजन 3.2 किलोग्राम है।
 
पिता बनने की खुशी साझा करते हुए हैरी ने पत्रकारों से कहा कि मेगन और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं और दंपति बच्चे के जन्म से काफी उत्साहित हैं। बच्चे का जन्म स्थानीय समयानुसार 5 बजकर 26 मिनट पर हुआ। प्रिंस हैरी ने कहा कि यह एक शानदार अनुभव रहा जिसकी मैं कल्पना भी नहीं कर सकता। कैसे कोई महिला यह कहती है कि यह समझ से परे है।
 
उन्होंने कहा कि यह अद्भुत, बेहद अविश्वसनीय था। मुझे मेरी पत्नी पर गर्व है और हर पिता की तरह मैं भी कहूंगा कि मैं इस पर अपनी जान न्योछावर करता हूं। मैं 7वें आसमान पर हूं।
 
हैरी ने कहा कि बच्चे का जन्म निर्धारित समय से थोड़ा पहले हुआ है इसलिए वे अभी नाम तय नहीं कर पाए हैं। मेगन को सोमवार तड़के प्रसव पीड़ा शुरू हुई थी, जब पति प्रिंस हैरी उनके साथ थे। सबसे पहले बकिंघम पैलेस ने बच्चे के जन्म की जानकारी दी थी।
 
बकिंघम पैलेस ने इंस्टाग्राम पर जारी बयान में लिखा कि दंपति उनके जीवन के सबसे खास पल में लोगों से मिले साथ का शुक्रिया अदा करता है। एलिजाबेथ द्वितीय की चौथी पीढ़ी का यह 8वां बच्चा है, जो ब्रिटिश सिंहासन का 7वां उम्मीवार होगा।
 
प्रिंस हैरी और मेगल मर्केल मई 2018 में शादी के बंधन में बंधे थे और अक्टूबर 2018 में उन्होंने मर्केल के गर्भवती होने की खबर साझा की थी। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी