अमेरिका की श्री सैनी चुनी गईं मिस इंडिया वर्ल्डवाइड 2018

शनिवार, 15 दिसंबर 2018 (21:15 IST)
वाशिंगटन। भारतीय मूल की अमेरिकी श्री सैनी को न्यूजर्सी के फोर्ड्स सिटी में आयोजित समारोह में मिस इंडिया वर्ल्डवाइड-2018 चुना गया। ऑस्ट्रेलिया की साक्षी सिन्हा और ब्रिटेन की अनुशा सरीन को क्रमश: पहला और दूसरा रनर अप चुना गया है। 
 
न्यूयॉर्क स्थित इंडिया फेस्टिवल कमेटी (आईएफसी) द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता को प्रवासी भारतीय समुदाय की सबसे पुरानी और बड़ी सौंदर्य प्रतिस्पर्धा माना जाता है। इस सौंदर्य प्रतियोगिता में करीब 17 देशों की भारतीय सुंदरियों ने हिस्सा लिया।
 
फिलहाल 22 वर्षीय श्री को 12 साल की उम्र में डॉक्टरों ने कहा था कि पेसमेकर लगाए जाने के बाद वह कभी नृत्य नहीं कर पाएंगी। लेकिन प्रतियोगिता जीतने वाली श्री ने कहा कि आपको कभी हार नहीं माननी चाहिए। 
 
पंद्रह साल की उम्र में अपना गैर सरकारी संगठन शुरू करने वाली श्री ने कहा, 'मैं इस बात में विश्वास रखती हूं कि आपकी विरासत इस बात से तय होगी कि आप दूसरों को कैसा महसूस कराते हैं और अपने जीवनकाल में क्या सकारात्मक बदलाव लाते हैं।' 
 
भारत के हरियाणा की रहने वाली मंदीप कौर संधू को मिसेज इंडिया वर्ल्डवाइड 2018 चुना गया। एक बेटे की मां संधू ने शादी के पहले वर्ष के दौरान ही एक सड़क हादसे में अपने पति को खो दिया था। 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी