सोना लगातार तीसरे दिन लुढ़का, चांदी के दाम भी घटे

शनिवार, 2 जून 2018 (15:06 IST)
नई दिल्ली। वैश्विक बाजारों में सप्ताहांत पर रही गिरावट के दबाव में दिल्ली सर्राफा बाजार में शनिवार को सोना लगातार तीसरे दिन लुढ़कता हुआ ढाई महीने से ज्यादा के निचले स्तर 31,600 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया।


सोने में आज 300 रुपए की गिरावट देखी गई और इस प्रकार स्थानीय बाजार में तीन दिन में पीली धातु 490 रुपए टूट चुकी है। चांदी भी लगातार दूसरे दिन सस्ती हुई। यह 100 रुपए फिसलकर चार सप्ताह के निचले स्तर पर 40,500 रुपए के भाव बिकी।

अमेरिका में रोजगार के उम्मीद से बेहतर आंकड़े आने से विदेशी बाजारों में सप्ताहांत पर शुक्रवार को पीली धातु करीब आधा फीसदी कमजोर पड़ी। सोना हाजिर 5.75 डॉलर की गिरावट के साथ शुक्रवार को बाजार बंद होते समय 1,293.80 डॉलर प्रति औंस बोला गया। अगस्त का सोना वायदा भी 6.80 डॉलर की गिरावट में 1,304.70 डॉलर प्रति औंस पर रहा। चांदी हाजिर 16.38 डॉलर प्रति औंस पर स्थिर बंद हुई। (वार्ता) 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी