जन्मदिन विशेष : विराट को क्यों है 18 नंबर की जर्सी से खास लगाव

भारतीय टीम के कप्तान रन मशीन विराट कोहली 5 नवंबर को 30 वर्ष के हो गए हैं। उनके जन्मदिन के मौके पर दुनियाभर से फैंस और कई दिग्गज खिलाड़ी उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं। विराट अपना जन्मदिन अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ देहरादून में मना रहे हैं। 
 
विराट का जन्म 5 नवंबर 1987 में दिल्‍ली में हुआ था। उन्होंने 18 अगस्‍त 2008 को श्रीलंका के खिलाफ वनडे क्रिकेट में डेब्यू किया था और आज करियर के दस साल बाद कोहली भारतीय टीम की रन मशीन बन गए हैं। विराट क्रिकेट के मैदान में लगातार कई रिकॉर्ड्स को तोड़ते हुए आगे बढ़ रहे हैं। 
 
विराट का क्रिकेट प्रेम इस बात से ही पता चलता है कि उन्होंने क्रिकेट के लिए 12वीं के बाद ही पढ़ाई छोड़ दी। उन्होंने दिल्ली की विशाल भारती पब्लिक स्कूल से पढ़ाई की है।
 
ऐसे तो क्रिकेट में बहुत से खिलाड़ी अपने जन्म तारीख की जर्सी पहनते हैं। लेकिन विराट अपनी जन्म तारीख नहीं बल्कि 18 नंबर की जर्सी पहनते हैं। विराट को इस नंबर से खास लगाव है क्योंकि 18 दिसंबर 2006 को उनके पिता का निधन हुआ था। तभी से वे पिता की याद में इसी नंबर की जर्सी पहनते है। विराट ने 18 नंबर की जर्सी के साथ अंडर-19 और सीनियर विश्व कप जीता था।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी