धोनी फिर बने टीम इंडिया के कप्तान, 696 दिनों बाद संभाली टीम इंडिया की कमान

मंगलवार, 25 सितम्बर 2018 (17:44 IST)
दुबई। एशिया कप में अफगानिस्तान के खिलाफ मैच में महेंद्र सिंह धोनी ने फिर टीम इंडिया की कमान संभाली। वह 696 दिनों बाद एक बार फिर भांरतीय टीम की कप्तानी कर रहे हैं। धोनी की कप्तानी में भारत आज 200 वां मैच खेल रहा है। वह यह मुकाम हासिल करने वाले दुनिया तीसरे कप्तान हैं।
 
 
मंगलवार को दुबई के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर एशिया कप मुकाबले में जब दोनों कप्तान मैदान पर उतरे तो सबकी नजरें ठहर गईं। अफगानिस्तान के कप्तान असगर अफगान के साथ टॉस के लिए रोहित शर्मा नहीं बल्कि धोनी उतरे। 
 
धोनी ने आखिरी बार 29 अक्टूबर 2016 को न्यूजीलैंड के खिलाफ विशाखापट्टनम में भारतीय टीम की कप्तानी की थी। भारत ने यह मैच 190 रनों से जीता था।
 
एकदिवसीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा मैचों में कप्तानी करने का रेकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग के नाम है। पोंटिंग ने 230 मैचों में कप्तानी की जिसमें से 165 में ऑस्ट्रेलिया ने जीत हासिल की। इसके बाद न्यूजीलैंड के स्टीफन फ्लेमिंग का नंबर आता है जिन्होंने 218 मैचों में कप्तानी की और कीवी टीम ने इसमें से 98 मैच जीते। 
 
धोनी के 199 मैचों में से 110 में भारत ने जीत हासिल की और 74 मुकाबले हारे। वहीं चार मैच टाई रहे और 11 का कोई नतीजा नहीं निकला। धोनी का जीत औसत 59.57 है, जो किसी भी भारतीय कप्तान से बेहतर है।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी