आईपीएल नीलामी में जयदेव उनादकट का लगा 'जैकपॉट'

रविवार, 28 जनवरी 2018 (20:10 IST)
बेंगलुरु। आईपीएल नीलामी में कीमतों में बाउंसर, गुगली और बीमर का दौर दूसरे दिन रविवार को भी जारी रहा और बाएं हाथ के युवा तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट को  राजस्थान रॉयल्स ने 11.50 करोड़ रुपए की अविश्वसनीय कीमत पर खरीद कर उन्हें सबसे महंगा भारतीय खिलाड़ी बना दिया।


26 वर्षीय उनादकट को खरीदने के लिए राजस्थान रॉयल्स को कोलकाता नाइटराइडर्स, किंग्स इलेवन पंजाब और चेन्नई सुपर किंग्स से कड़ी टक्कर मिली। भारत के मनीष पांडे और लोकेश राहुल को शनिवार को 11 करोड़ रुपए में खरीदा गया था लेकिन उनादकट को मिली कीमत ने सबको हैरान कर दिया। पांडे को सनराइजर्स हैदराबाद जबकि राहुल को पंजाब ने खरीदा।

इंग्लैंड के बेन स्टोक्स पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी नीलामी में सबसे महंगे खिलाड़ी बने। उन्हें 12.50 करोड़ रुपए में राजस्थान रॉयल्स ने ही खरीदा था। गुजरात के तेज गेंदबाज उनादकट का बेस प्राइस 1.50 करोड़ रुपए था लेकिन उन्हें खरीदने के लिए टीमों के बीच जमकर होड़ लगी और आखिरकार उन्हें राजस्थान रॉयल्स ने रिकॉर्ड 11.50 करोड़ रुपए कीमत में खरीद लिया।

पिछले साल उनादकट को उनकी 30 लाख की बेस प्राइस पर ही नई टीम पुणे ने खरीदा था। इसके साथ ही उनादकट इस आईपीएल नीलामी में सबसे मंहगे भारतीय खिलाड़ी और इस आईपीएल के दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए। इस आईपीएल के सबसे मंहगे खिलाड़ी हैं इंग्लैंड के ऑलराउंडर बेन स्टोक्स, जिन्हें राजस्थान ने 12.50 करोड़ रुपए में खरीदा था। 

उनादकट को खरीदने के लिए सबसे पहले चेन्नई ने 1.5 करोड़ की बोली लगाई। नीलामी में पंजाब की टीम भी 4 करोड़ की बोली के साथ कूद पड़ी। पंजाब ने उनादकट के लिए 6 करोड़ की बोली लगा दी। पंजाब ने फिर उनादकट के लिए 8, 9 और10 करोड़ रुपए तक की बोली लगा दी।

अब लगने लगा था कि प्रीति जिंटा की पंजाब टीम उनादकट को खरीद लेगी लेकिन चेन्नई की टीम ने फिर से उनादकट के लिए 11 करोड़ की बोली लगा दी। आखिरी में राजस्थान की टीम ने 11.50 करोड़ का दांव खेल दिया और उनकी इस बोली के सामने हर फ्रेंचाइजी ने सरेंडर कर दिया।

इसके साथ ही उनादकट आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे गेंदबाज बन गए। बाएं हाथ के इस मध्यम तेज गेंदबाज पर 11.50 करोड़ रुपए  का दांव लगाने की वजह उनका पिछले आईपीएल में जोरदार प्रदर्शन रहा है।

जयदेव ने पिछले आईपीएल में पुणे सुपरजाएंट के लिए महज 12 मैचों में 24 विकेट झटकते हुए सबको हैरान कर दिया था। उनादकट ने 2010 में अपना आईपीएल पदार्पण किया था और अब तक वह 47 आईपीएल मैचों में 56 विकेट ले चुके हैं। पुणे के अलावा वह आईपीएल में दिल्ली डेयरडेविल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए भी खेल चुके हैं।

आईपीएल के 11वें सत्र के लिए क्रिकेटरों की नीलामी का आज दूसरा दिन था। पहले दिन कुल 109 क्रिकेटरों की नीलामी की गई, जिसमें 78 क्रिकेटर बिके। दूसरे दिन अफगानिस्तान  के 16 साल के ऑफ स्पिनर और अंडर-19 विश्व कप में खेल रहे मुजीब जादरान को पंजाब ने 4 करोड़ रुपए  में खरीद कर उन्हें नीलामी का सरप्राइज़ पैकेज बना दिया। दूसरे दिन का एक अन्य सरप्राइज पैकेज ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज एंड्रूय टाई रहे, जिन्हें पंजाब ने 7.20 करोड़ में खरीदा।

नीलामी में दूसरे दिन भी कई जाने-माने क्रिकेटर को खरीदार नहीं मिला। इनमें के सी करियप्पा, इकबाल अब्दुल्ला, एस कौशिक , एलेक्स हेल्स, इयोन मॉर्गन, लेंडल सिमंस, इयोन मोर्गन,शॉन मार्श, ऋषि धवन, डेल स्टेन, नाथन लायन, प्रज्ञान ओझा, नाथू सिंह, निरोशन डिकवेला, एडेन मारक्रम, वरुण आरोन, उन्मुक्त चंद, टायमल मिल्स, एडम मिल, जेसन होल्डर और तिषारा परेरा शामिल रहे।

अन्य खिलाडियों को देखा जाए तो राहुल चाहर को मुंबई ने 1.9 करोड़ में खरीदा। इनका बेस प्राइज़ 20 लाख रुपए था। चाहर स्पिन गेंदबाज़ हैं और उन्होंने पिछले सीज़न में पुणे सुपरजाएंट के लिए खेले थे। बाएं हाथ के स्पिनर शाहबाज नदीम को दिल्ली ने 3.2 करोड़ में खरीदा।

20 लाख का बेस प्राइज़ रखने वाले गौतम ​कृष्णप्पा  को राजस्थान ने 6.2 करोड़ में, मुरुगन अश्विन को बेंगलुरु ने 2.20 करोड़ में और वेस्टइंडीज के युवा बल्लेबाज़ एविन लुइस को मुंबई इंडियंस ने 3.8 करोड़ रुपए में खरीदा। सौरव तिवारी 50 लाख के बेस प्राइस के साथ उतरे और मुंबई इंडियंस ने उन्हें 80 लाख में खरीदा।

मनदीप सिंह को बेंगलुरु ने 1.4 करोड़ में खरीदा। मनोज तिवारी 50 लाख के बेस प्राइस के साथ उतरे और किंग्स इलेवन पंजाब ने उन्हें एक करोड़ में खरीदा। वॉशिंगटन सुंदर को बेंगलुरु ने 3.20 करोड़ में खरीदा जबकि उनका बेस प्राइज़ 1.5 करोड़ था। ऑलराउंडर पवन नेगी को इस बार मुंबई इंडियंस ने एक करोड़ में हासिल किया लेकिन बेंगलुरू ने राइट टू मैच कार्ड का इस्तेमाल करके उन्हें अपने साथ कर लिया।

दिल्ली ने ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर डेनियल क्रिस्टियन को 1.5 करोड़, जयंत यादव को 50 लाख और गुरकीरत सिंह को 75 लाख, ट्रेंट बोल्ट को 2.2 करोड़, अंडर 19 के स्टार ओपनर मनजोत कालरा को उनके बेस प्राइस 20 लाख, अंडर 19 टीम के ऑलराउंडर अभिषेक शर्मा को 55 लाख और नेपाल के संदीप लमिचाने को उनके 20 लाख के बेस प्राइस पर ही खरीद लिया।

गत चैंपियन मुंबई इंडियंस ने ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर बेन कटिंग को 2 करोड़ 20 लाख, दिल्ली के तेज गेंदबाज और इस सत्र में अपनी कप्तानी में दिल्ली को ट्वंटी 20 चैंपियन बनाने वाले प्रदीप सांगवान को 1.5 करोड़, दक्षिण अफ्रीका के ऑलराउंडर जे पी डुमिनी को उनके एक करोड़ के बेस प्राइस पर, बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जेसन बेहरनडॉर्फ को 1.5 करोड़, तजिंदर ढिल्लन को 55 लाख और शरद लूंबा को उनके बेस प्राइस 20 लाख रुपए  में खरीद लिया।

हैदराबाद ने अफगानिस्तान के मोहम्मद नबी को 1 करोड़, संदीप शर्मा को 3 करोड़, सचिन बेबी को 20 लाख, इंग्लैंड के क्रिस जॉर्डन को उनके एक करोड़ के बेस प्राइस पर, बिली स्टानलेक को उनके बेस प्राइस 50 लाख और बंगाल के विकेटकीपर बल्लेबाज़ श्रीवत्स गोस्वामी को एक करोड़ में खरीदा। अंडर 19 वर्ल्ड कप में अपने प्रदर्शन से सबको प्रभावित कर रहे तेज गेंदबाज शिवम मावी को 3 करोड़ रुपए में कोलकाता ने खरीदा। मावी का बेस प्राइस 20 लाख रुपए था।

कर्नाटक रणजी टीम के कप्तान विनय कुमार को कोलकाता ने 1 करोड़ में खरीदा। केकेआर ने रिंकू सिंह को 80 लाख और कैमरून डेलपोर्ट को उनके बेस प्राइस 30 लाख रुपए में खरीदा। राजस्थान ने तेज गेंदबाज धवन कुलकर्णी को 75 लाख में राइट टू मैच के जरिए खरीदा। राजस्थान ने 20 लाख रुपए में अंकित शर्मा को, अनुरीत सिंह को 30 लाख में, 20 लाख रुपए में श्रेयस गोपाल और मिथुन एस को 20 लाख में खरीदा।

प्रीति ज़िंटा की टीम पंजाब ने तेज गेंदबाज मोहित शर्मा को 2.4 करोड़ राइट टू मैच के जरिए खरीदा। पंजाब ने तेज गेंदबाज बरिंदर सरन को 2.2 करोड़ और तेज गेंदबाज बेन द्वारशियस को 1 करोड़ 40 लाख में खरीदा। उत्तर प्रदेश के आकाशदीप नाथ को पंजाब ने एक करोड़ में अपने पाले में खींचा। भारतीय कप्तान विराट कोहली की बेंगलुरु टीम ने मोहम्मद सिराज को 2.6 करोड़, नाथन कूल्टर नाइल को 2.2 करोड़ और अनिरुद्ध जोशी को 20 लाख में खरीदा।

पूर्व भारतीय कप्तान और दो बार के विजेता महेंद्र सिंह धोनी की टीम चेन्नई ने शार्दुल ठाकुर को 2.6 करोड़, मिशेल सैंटनर को उनके बेस प्राइस 50 लाख में, दीपक चाहर को 80 लाख, आसिफ केएम को 40 लाख, भारतीय बल्लेबाजों को परेशान करने वाले दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज लुंगीसानी एनगिदी 50 लाख के बेस प्राइस पर, कनिष्क सेठ को उनके बेस प्राइस 20 लाख रुपए में और दिल्ली के ध्रुव शौरी को 20 लाख रुपए में खरीदा।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी