महेन्द्र सिंह धोनी के संन्यास पर बोले अमित शाह- दुनिया मिस करेगी हेलीकॉप्टर शॉट, पढ़ें विभिन्न हस्तियों की प्रतिक्रियाएं

रविवार, 16 अगस्त 2020 (00:13 IST)
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्रसिंह धोनी ने 15 अगस्त पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी। ट्विटर और सोशल मीडिया पर #Dhoni, #DhoniRetires, #ThankYouMahi, #Mahi ट्रेंड करता रहा। क्रिकेट जगत के अतिरिक्त राजनीति, ओलंपिक खेलों और बॉलीवुड के जाने-माने चेहरों ने भी उन्हें खेल से भावभीनी विदाई दी। धोनी के कई प्रशंसकों ने लिखा- 'Miss you'।
 
अमित शाह : मैं लाखों क्रिकेटप्रेमियों के साथ महेंद्रसिंह धोनी को भारतीय क्रिकेट में उनके असाधारण योगदान के लिए धन्यवाद देता हूं। उनके शांतचित्त स्वभाव से भारत ने कई तनावपूर्ण मुकाबले जीते। भारत उनकी कप्तानी में दो बार अलग-अलग प्रारूपों में विश्व विजेता रहा। मैं उम्मीद करता हूं कि आने वाले समय में भी वे भारतीय क्रिकेट को मजबूत बनाने के लिए योगदान देते रहेंगे। उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं। विश्व क्रिकेट को उनके हेलिकॉप्टर शॉट की कमी खलेगी।

योगी आदित्यनाथ : विलक्षण प्रतिभा संपन्न, अद्भुत नायक, धैर्य के प्रतिमान, भारतीय क्रिकेट जगत के जाज्वल्यमान नक्षत्र एमएस धोनी द्वारा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा एक युग की समाप्ति है। आपने सदैव भारत का मान बढ़ाया है, आप युवाओं की प्रेरणा हैं। नवीन पारी के लिए मेरी शुभेच्छाएं।'

नितिन गडकरी : वेल प्लेड। एमएस धोनी आपने भारत का नाम विश्व क्रिकेट के शिखर तक पहुंचाया। हर भारतीय को आप पर गर्व है। अगली पारी के लिए शुभकामनाएं।

किरन रीजीजू : इन शानदार यादों के लिए धन्यवाद एमएस धोनी। आपका विश्वास, हिम्मत और मेहनत आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।

स्मृति ईरानी : ‘थैंक्यू फॉर द मैजिक धोनी।’

अनुराग ठाकुर : एम एस धोनी की ‘स्टम्पिंग’ ने भारतीय क्रिकेट पर एक अमिट छाप छोड़ी और उनकी उपलब्धियां आने वाली पीढ़ी के क्रिकेटरों को प्रेरित करती रहेंगी। कैप्टन कूल भारतीयों और दुनिया भर के क्रिकेटप्रेमियों के दिलों में हमेशा ‘नॉटआउट ’ रहेंगे।’
 
शिवराज सिंह चौहान : महेंद्र सिंह धोनी मात्र एक क्रिकेटर नहीं हैं, वे छोटे शहरों और सामान्य परिवारों से आने वाले उन करोड़ों युवाओं की हिम्मत हैं जिनमें कुछ बड़ा करने का जज्बा है। उनके जीवन से हर महत्वाकांक्षी भारतीय को सीख लेनी चाहिए।

अशोक गेहलोत : एमएस धोनी हमारे शानदार क्रिकेटरों में से रहे और भारतीय क्रिकेट टीम के सफलतम कप्तान भी। मेरी उन्हें शुभकामनाएं।
 
नवीन पटनायक : लाखों क्रिकेटप्रेमियों के साथ मैं भी महेंद्र सिंह धोनी को विदाई देता हूं जिन्होंने सुनहरी विरासत छोड़ी है। तीनों आईसीसी ट्रॉफी जीतने वाले एकमात्र कप्तान जिन्होंने एक पूरी पीढ़ी को प्रेरित किया। क्रिकेट को कैप्टन कूल की कमी खलेगी।

सुशील कुमार : हर खिलाड़ी के सफर का अंत होता है। आपने देश के लिए जो किया, वह सभी के दिलों में रहेगा। भविष्य के लिए शुभकामना।

शशि थरूर : एक घंटा पहले धोनी के संन्यास की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। खेल के महानायक। भारत के सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर बल्लेबाज और शानदार कप्तान। भारतीय क्रिकेट पर उन्होंने जो छाप छोड़ी, उससे पूरा एक युग परिभाषित हुआ। धोनीजी चलते रहिए। फतह करने के लिए दूसरे शिखर भी होंगे।

पीआर श्रीजेश : आप मेरे और लाखों लोगों के लिए प्रेरणा हो माही भाई। माही की शैली में संन्यास।

रणवीर सिंह : लव यू माही भाई। हम सभी को गौरवान्वित करने के लिए धन्यवाद।

पंकज आडवाणी : क्रिकेट एमएस धोनी के बिना पहले जैसा नहीं रहेगा। एक शानदार करियर के लिए बधाई।

विकी कौशल : क्या पारी रही। हर बात के लिए धन्यवाद माही।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी