टेस्ट कप्तानी में धोनी के इस रिकॉर्ड की रहाणे ने बराबरी की

मंगलवार, 29 दिसंबर 2020 (15:49 IST)
महेंद्र सिंह धोनी को भारत का अबतक का सफलतम कप्तान माना जाता है। धोनी को टेस्ट कप्तानी वनडे और टी-20 में कप्तानी करने के काफी बाद मिली। महेंद्र सिंह धोनी को शुरुआत में जो सफलता हाथ लगी उसकी बराबरी आज कार्यवाहक कप्तान अजिंक्य रहाणे ने कर ली है।
 
कप्तान के तौर पर अपने शुरुआती 3 टेस्ट मैचों में महेंद्र सिंह धोनी ने जीत अर्जित की थी। माही ने कानपुर 2008 में अपनी टीम का पहली बार नेतृत्व किया दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ यह मैच भारत 8 विकेट से जीतने में सफल रहा।
 
इसके बाद धोनी की अगुवाई में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को नागपुर में 172 रनों से मात दी। तीसरे टेस्ट मैच में टीम इंडिया ने इंग्लैंड की टीम को 6 विकेट से हराया।
 
आज मेलबर्न में हुए बॉक्सिंग डे टेस्ट में टीम इंडिया के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने इस रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। दिलचस्प बात यह है कि उन्होंने सफेद लिबास में पहली बार कप्तानी ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध ही की थी। 
 
साल 206-17 में खेले गए इस मैच में टीम इंडिया 8 विकेट से विजयी हुई थी। इसके बाद अफगानिस्तान के टेस्ट पदार्पण के मौके पर अजिंक्य रहाणे को कप्तनी सौंपी गई। बैंगलूरू में खेले गए इस मैच को भारत ने एक पारी और 262 रनों के बड़े अंतर से जीत लिया।
 
कप्तान अजिंक्य रहाणे के शतक और भारतीय गेंदबाजों के लाजवाब प्रदर्शन ने आज ऑस्ट्रेलिया को दूसरे (बॉक्सिंग डे) टेस्ट में 8 विकेट से हरा दिया। इस तरह अभी तक अपनी टेस्ट कप्तानी में रहाणे अविजित हैं और पहले 3 टेस्ट जीत चुके हैं।

अजिंक्य रहाणे को अपनी शतकीय पारी के लिए  प्लेयर ऑफ द मैच का पुरुस्कार भी मिला। साथ ही उन्हें क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया द्वारा मुलाग मैडल दिया गया।(वेबदुनिया डेस्क)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी