आईसीसी प्रतिबंध के बाद भी श्रीलंका के कप्तान दिनेश चांदीमल की टी-20 टीम में वापसी

गुरुवार, 9 अगस्त 2018 (18:44 IST)
कोलंबो। श्रीलंका के कप्तान दिनेश चांदीमल ने खेल भावना का उल्लंघन के लिए प्रतिबंध झेलने के बाद गुरुवार को टी-20 टीम में वापसी की। श्रीलंका क्रिकेट के बयान के अनुसार चांदीमल को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एकमात्र टी-20 के लिए 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है।

 
चांदीमल दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला और पहले चार एकदिवसीय मैचों में नहीं खेल पाए थे। पांचवां और अंतिम वनडे रविवार को होगा लेकिन चांदीमल को इसके लिए टीम में शामिल नहीं किया गया है।
 
चांदीमल, श्रीलंका के कोच चंडिका हथुरासिंघे और मैनेजर असांका गुरूसिंघे पर वेस्टइंडीज के खिलाफ जून में दूसरे टेस्ट मैच के दौरान दो घंटे तक मैदान पर उतरने से इन्कार करने के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने प्रतिबंध लगाया था। इससे ठीक पहले चांदीमल पर गेंद से छेड़छाड़ करने के आरोप लगे थे।
 
श्रीलंका के कप्तान को वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे टेस्ट तथा इसके बाद दो अन्य टेस्ट और चार वनडे के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया था। श्रीलंका की टी-20 टीम इस प्रकार है : एंजेलो मैथ्यूज (कप्तान), दासुन शानाका, कुसल परेरा, धनंजय डिसिल्वा, उपुल थरंगा, कुसाल मेंडिस, तिसारा परेरा, शेहान जयसूर्या, शेहान मदुष्का, लाहिरू कुमारा, दिनेश चांदीमल, अकिला धनंजय, जेफरी वंडारसे, लक्ष्मण संदाकन और बिनुरा फर्नांडो।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी