उदयपुर लोकसभा सीट परिचय

उदयपुर से भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टी ने अपने गत प्रत्याशियों को फिर से टिकट दिया है। 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के प्रत्याशी अर्जुन लाल मीणा ने कांग्रेस प्रत्याशी रघुवीर सिंह मीणा को हराया था। 

परिचय : राजस्थान के मेवाड़ ‍क्षेत्र के उदयपुर शहर को सन् 1559 में महाराणा उदयसिंह ने स्थापित किया था। सिसोदिया वंश के शासकों ने चित्तौड़ के बाद उदयपुर को अपनी राजधानी बनाया था। उदयपुर अपने इतिहास, संस्कृति एवं अपने आकर्षक स्थलों के लिए प्रसिद्ध है। झीलों की नगरी के नाम से मशहूर यह नगर प्रदेश का महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल भी है। 
 
जनसंख्‍या : साल 2011 की जनगणना के मुताबिक उदयपुर की जनसंख्‍या 4 लाख 51 हजार है। हालांकि एक अनुमान के मुताबिक यहां की जनसंख्‍या 5 लाख से ज्‍यादा है।
 
अर्थव्यवस्था : उदयपुर की अर्थव्‍यवस्‍था मुख्यतया: बहुमूल्य कपड़ों पर सोने-चांदी के तार तथा रेशम के धागों द्वारा कढ़ाई, सोने-चांदी के बर्तन निर्माण, हस्तशिल्प, ऊन, खनिज और रसायन के उद्योगों पर आधारित है। इसके अलावा पर्यटन व्‍यवसाय भी यहां लोगों की आमदनी का बड़ा जरिया है।
 
मतदाताओं की संख्‍या : लोकसभा चुनाव 2014 के मुताबिक यहां मतदाताओं की कुल संख्‍या 18 लाख 17 हजार 940 है, जिसमें 9 लाख 30 हजार 7 पुरुष और 8 लाख 87 हजार 933 महि‍लाएं हैं।
 
भौगोलिक स्थिति : यह शहर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 8 पर स्थित है। यह रेल, सड़क और हवाई मार्गों से देश के सभी बड़े शहरों से जुड़ा हुआ है। यह सड़क मार्ग से जयपुर से 9 घंटे, दिल्ली से 14 घंटे तथा मुंबई से 17 घंटे की दूरी पर स्थित है।
 
16वीं लोकसभा में स्थिति : वर्तमान में उदयपुर लोकसभा सीट से भाजपा के अर्जुन लाल मीणा सांसद हैं। मीणा ने साल 2014 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के रघुवीर मीणा को पराजित किया था। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता गिरिजा व्यास यहां से तीन बार सांसद रह चुकी हैं। 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी