तमिलनाडु में 8 लोकसभा सीटों पर आमने-सामने होंगी अन्नाद्रमुक व द्रमुक, 20 सीटों पर होगा मुकाबला

सोमवार, 18 मार्च 2019 (16:49 IST)
चेन्नई। आगामी लोकसभा चुनावों में तमिलनाडु में धुर-विरोधी अन्नाद्रमुक एवं विपक्षी द्रमुक 8 सीटों पर एक-दूसरे के आमने-सामने होंगी। दोनों दलों के बीच दक्षिण चेन्नई, कांचीपुरम (अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित), तिरुवनंतपुरम, तिरुनेलवेली, मईलादुतुरै, सलेम, नीलगिरि (अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित) और पोल्लाची सीट पर सीधी लड़ाई होगी।
 
अन्नाद्रमुक एवं द्रमुक दोनों पार्टियां राज्य में 20 सीटों पर चुनाव लड़ रही हैं और शेष 19 सीटें उन्होंने अपनी-अपनी सहयोगी पार्टियों को दी है। दोनों पार्टियों की ओर से रविवार को घोषित सूची में लोकसभा उपाध्यक्ष एम. थंबीदुरै (अन्नाद्रमुक) और राज्यसभा सदस्य कनिमोझी (द्रमुक) सहित कई बड़ी शख्सियतों के नाम शामिल हैं।
 
थंबीदुरै एक बार फिर करूर सीट से चुनाव लड़ेंगे, जबकि पी. वेणुगोपाल और जे. जयवर्धन क्रमश: तिरवल्लुर (सुरक्षित अजा)) एवं दक्षिण चेन्नई से चुनाव लड़ेंगे। दोनों ने पिछली बार भी इसी सीट से चुनाव लड़ा था। उपमुख्यमंत्री एवं अन्नाद्रमुक के समन्वयक ओ. पन्नीरसेल्वम के पुत्र पी. रवीन्द्रनाथ कुमार थेनी सीट से चुनाव लड़ेंगे।
 
सत्तारूढ़ पार्टी ने 19 अन्य सीटें तमिलनाडु में भाजपा और पट्टाली मक्कल काची (पीएमके) समेत अपनी सहयोगी पार्टियों को आवंटित की है। पार्टी मुख्यालय में विचार-विमर्श के बाद रविवार रात को पार्टी ने उम्मीदवारों की सूची जारी की।
 
इससे पहले दिन में द्रमुक अध्यक्ष एमके स्टालिन ने उम्मीदवारों की सूची जारी करते हुए बताया था कि दयानिधि मारन मध्य चेन्नई से, ए. राजा नीलगिरि (सुरक्षित अजा) और टीआर बालू पेरम्बदुर सीट से चुनाव लड़ेंगे। बालू 2009 में इसी सीट से विजयी रहे थे।
 
स्टालिन की बहन और राज्यसभा सदस्य कनिमोई पहली बार लोकसभा चुनाव में अपनी किस्मत आजमाएंगी। कनिमोई दक्षिणी तमिलनाडु में तूतीकोरिन सीट से चुनाव लड़ेंगी। राज्यसभा में उनका कार्यकाल इस साल जुलाई में खत्म होने वाला है। द्रमुक ने इस बार के चुनाव में कुल 12 नए चेहरों को चुनाव मैदान में उतारा है।
 
राज्य में 39 लोकसभा सीटों में से द्रमुक 20 सीटों पर चुनाव लड़ रही है और शेष सीटें उसने कांग्रेस सहित अपनी सहयोगी पार्टियों के लिए छोड़ी हैं। स्टालिन ने बताया कि द्रमुक का घोषणा पत्र जल्द जारी किया जाएगा। द्रमुक ने राज्य में 18 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए भी अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। विधानसभा सीटों पर उपचुनाव 18 अप्रैल को लोकसभा चुनाव के साथ ही होगा।
 
पूर्व केंद्रीय मंत्री एस. जगतरक्षकन और एसएस पलानीमणिकम को अराकोन्नम एवं तंजावुर सीट से चुनाव मैदान में उतारा गया है। अन्नाद्रमुक की सूची में वरिष्ठ नेता केपी मुनस्वामी का नाम भी शामिल है। पार्टी ने तमिलनाडु विधानसभा सीटों पर उपचुनावों के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है।
 
अन्नाद्रमुक की सहयोगी पीएमके ने भी 7 लोकसभा सीटों में से 5 के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है और पार्टी एक बार फिर धर्मपुरी सीट से अंबुमणि रामदास को चुनाव मैदान में उतार रही है। पूर्व केंद्रीय मंत्री एके मूर्ति अराकोनम सीट से चुनाव लड़ेंगे। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी