पांच सालों में इतनी बढ़ी राहुल गांधी की संपत्ति, पास में नहीं है कार, 72 लाख की देनदारी

गुरुवार, 4 अप्रैल 2019 (23:16 IST)
वायनाड। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की संपत्ति 15.88 करोड़ रुपए से अधिक है। यह जानकारी उन्होंने गुरुवार को वायनाड लोकसभा सीट पर नामांकन-पत्र भरने के दौरान दिए गए हलफनामे में दी। 2014 के चुनावों में उन्होंने कुल संपत्ति 9.4 करोड़ रुपए घोषित की थी।
 
हलफनामा दिखाता है कि राहुल गांधी के पास कार नहीं है और विभिन्न बैंकों एवं अन्य वित्तीय संस्थानों की उन पर 72 लाख रुपए की देनदारी है।
 
राहुल गांधी गांधी के पास चल संपत्ति 5 करोड़ 80 लाख 58 हजार 799 रुपए है और अचल संपत्ति 10 करोड़ 8 लाख 18 हजार 284 रुपए है। उनकी कुल संपत्ति 15 करोड़ रुपए 88 लाख 77 हजार 83 रुपए है।
 
कांग्रेस अध्यक्ष अमेठी सीट से भी चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने घोषणा की है कि उनके खिलाफ पांच मामले लंबित हैं। हलफनामे के मुताबिक उनके खिलाफ दो मामले महाराष्ट्र में लंबित हैं और एक-एक मामला झारखंड, असम और नई दिल्ली में लंबित है। 
 
कांग्रेस प्रमुख के पास 40 हजार रुपए नकदी है, विभिन्न बैंकों में उनके 17.93 लाख रुपए जमा हैं। गांधी ने 5.19 करोड़ रुपए विभिन्न कंपनियों के बांड, डिबेंचर और शेयरों में लगा रखे हैं। उनके पास 333.3 ग्राम सोना भी है।
 
दिल्ली के सुल्तानपुर गांव में उनके पास पैतृक खेती भी है। हलफनामे में दिखाया गया है कि गांधी के पास गुरुग्राम में दो कार्यालय हैं। हलफनामे में दिखाया गया है कि वित्त वर्ष 2017-18 में उनकी कुल आय 1 करोड़ 11 लाख 85 हजार 570 रुपए थी।
 
गांधी ने घोषणा की है कि उनके आय का स्रोत सांसद के वेतन, रॉयल्टी आय, किराए से आय, बांड से मिले ब्याज, डिविडेंड और म्युचुअल फंड से मिलने वाला पूंजी है। कांग्रेस प्रमुख ने कहा है कि उन्होंने 1995 में कैंब्रिज विश्वविद्यालय के ट्रिनीटी कॉलेज से एम.फिल (डेवलपमेंट स्टडीज) किया है।
 
हलफनामे में बताया गया है कि राहुल गांधी के पास कार नहीं है और एसपीजी सुरक्षा प्राप्त होने के कारण उन्हें एसपीजी के वाहन में घूमना पड़ता है। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी