'रिजल्ट लूट' की तैयारी, उपेन्द्र कुशवाहा ने कहा- सड़कों पर बह सकता है खून

मंगलवार, 21 मई 2019 (17:24 IST)
पटना। लोकसभा चुनाव के नतीजे आने से पहले एग्जिट पोल के अनुमानों में राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। नतीजों के बाद महागठबंधन के नेताओं ने कहा कि हम एग्जिट पोल के अनुमानों को सिरे से खारिज करते हैं। राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा ने प्रेस कॉन्फेंस में चुनाव आयोग पर सवाल उठाया। कुशवाहा ने कहा कि एग्जिट पोल के बाद जनता में खतरनाक आक्रोश है और सड़कों पर खून बह सकता है।
 
महागठबंधन की संयुक्त प्रेस कॉन्फेंस में कुशवाहा ने कहा कि पहले 'बूथ लूट और अब रिजल्ट लूट' की तैयारी चल रही है। अगर रिजल्ट लूट की घटना हुई तो महागठबंधन के नेताओं से आग्रह है कि हथियार भी उठाना हो तो उठा लें।
 
उन्होंने प्रेस कॉन्फेंस में ही चेतावनी भरे लहजे में कहा कि जनता का आक्रोश बहुत खतरनाक है। सड़क पर खून तक बह सकता है। जिला प्रशासन सतर्क रहे। अगर ऐसा होता है तो इसके लिए एनडीए के शीर्ष नेता जिम्मेदार होंगे।
 
कुशवाहा ने कहा कि वोट की रक्षा के लिए जरूरत पड़े तो हथियार भी उठाना हो तो उठाइए। आज जो रिजल्ट लूट की जो घटना करने की कोशिश हो रही है तो इसके रोकने के लिए हथियार भी उठाना हो तो उठाना चाहिए।
 
प्रेस कॉन्फेंस में राजद के प्रदेश अध्यक्ष रामचन्द्र पूर्वे, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा और हम पार्टी से प्रवक्ता दानिश रिजवान मौजूद थे। सभी नेताओं ने चुनाव आयोग पर सवाल उठाए।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी