गुजरात में कांग्रेस को बड़ा झटका, अर्जुन मोढवाडिया भाजपा में शामिल

मंगलवार, 5 मार्च 2024 (15:26 IST)
Arjun Modhwadia joins bjp : कांग्रेस की गुजरात इकाई के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व विधायक अर्जुन मोढवाडिया पार्टी से इस्तीफा देने के एक दिन बाद मंगलवार को पार्टी के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष अंबरीश डेर के साथ भाजपा में शामिल हो गए। मोढवाडिया 4 माह में पार्टी से इस्तीफा देने वाले तीसरे विधायक है।
 
दोनों नेता यहां भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय ‘कमलम’ में कई अन्य नेताओं के साथ भाजपा में शामिल हुए। प्रदेश भाजपा प्रमुख सी आर पाटिल ने उन्हें भगवा टोपियां एवं पट्टे पहनाकर पार्टी में शामिल किया।
 

પ્રદેશ કાર્યાલય 'શ્રી કમલમ્' ખાતે આજે પ્રદેશ અધ્યક્ષ શ્રી @CRPaatil ની વિશેષ ઉપસ્થિતિમાં કોંગ્રેસના પૂર્વ ધારાસભ્ય શ્રી અર્જુનભાઈ મોઢવાડિયા અને શ્રી અમરીશભાઈ ડેર તેમના સમર્થકો સાથે ભારતીય જનતા પાર્ટીમાં જોડાયા.

આ પ્રસંગે પ્રદેશ મહામંત્રી શ્રી @rajnipatel_mla , પ્રદેશ ઉપાધ્યક્ષ… pic.twitter.com/IY1iErFadE

— BJP Gujarat (@BJP4Gujarat) March 5, 2024
मोढवाडिया और डेर ने अयोध्या में जनवरी में राम मंदिर में हुए प्राण प्रतिष्ठा समारोह का बहिष्कार करने के कांग्रेस के निर्णय से सोमवार को नाराजगी प्रकट करते हुए पार्टी से इस्तीफा दे दिया था।
 
दिलचस्प बात यह है कि इन दोनों नेताओं ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के गुजरात में निर्धारित प्रवेश से महज 3 दिन पहले कांग्रेस छोड़ने के अपने निर्णय की घोषणा की।
 
कुछ दिन पहले ही कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य और पूर्व केंद्रीय मंत्री नारण राठवा अपने बेटे और समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए थे।
 
पोरबंदर से विधायक मोढवाडिया ने सोमवार शाम गांधीनगर में गुजरात विधानसभा अध्यक्ष शंकर चौधरी को विधानसभा सदस्यता से अपना इस्तीफा सौंपा था। विधानसभा अध्यक्ष के कार्यालय ने इस्तीफा स्वीकार किए जाने की पुष्टि की।
 
गुजरात में सबसे वरिष्ठ और सबसे प्रभावशाली विपक्षी नेताओं में से एक मोढवाडिया (67) लगभग 40 वर्ष तक कांग्रेस से जुड़े रहे। वह विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष भी रहे।
 
मोढवाडिया ने 2022 के चुनावों में पोरबंदर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के दिग्गज नेता बाबू बोखिरिया को हराया था। अब 182 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस के विधायकों की संख्या घटकर 14 रह गई है।
 
मोढवाडिया पिछले चार महीनों में चिराग पटेल और सी जे चावड़ा के बाद इस्तीफा देने वाले कांग्रेस के तीसरे विधायक हैं। पटेल ने दिसंबर में और चावड़ा ने जनवरी में इस्तीफा दिया था।
 
डेर 2017 से 2022 तक अमरेली जिले की राजुला विधानसभा सीट से कांग्रेस के विधायक थे। 2022 के गुजरात विधानसभा चुनाव से पहले डेर को प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था।
Edited by : Nrapendra Gupta 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी