लोकसभा चुनाव को लेकर दिल्ली में आज से भाजपा का राष्ट्रीय अधिवेशन, राजनीतिक प्रस्ताव के साथ 370 सीटें जीतने का तैयार होगा रोडमैप

विकास सिंह

शनिवार, 17 फ़रवरी 2024 (10:18 IST)
लोकसभा चुनाव से ठीक पहले आज दिल्ली में भाजपा का दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन शुरु हो रहा है। दिल्ली के भारत मंडपम में होने वाली बैठक में आज पहले दिन पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक होगी।भाजपा के राष्ट्रीय अधिवेशन का शुभारंभ प्रगति मैदान के भारत मंडपम में आज पार्टी के  राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे।

अधिवेशन में शामिल होने वाले जनप्रतिनिधि पंजीकरण सुबह 11 बजे से किया जाएगा तथा उद्घाटन सत्र दोपहर 3 बजे प्रारंभ होगा। अधिवेशन के दौरान राजनीतिक प्रस्ताव पर चर्चा होगी तथा लोकसभा चुनाव की दृष्टि से विचार विमर्श होगा। विभिन्न राज्यों के प्रेजेंटेशन होंगे। अधिवेशन का समापन सत्र 18 फरवरी को दोपहर 2 बजे से आयोजित किया जाएगा। समापन सत्र को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संबोधित करेंगे।

भाजपा के राष्ट्रीय अधिवेशन में लोकसभा चुनाव की रणनीति बनाने के साथ हर बूथ जीतने की चुनावी रणनीति पर चर्चा हो सकती है। अयोध्या में भगवान रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद दिल्ली में होने अधिवेशन कई मायनों में ऐतिहासिक हो सकता है। मध्यप्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा के मुताबिक भाजपा के विरोधी दल भी अब यह मानने लगे हैं कि लोकसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन 400 से अधिक सीटें जीतने जा रहा है। लेकिन झाबुआ की जनसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने अकेली भारतीय जनता पार्टी को 370 सीटें जिताने का एक मंत्र दिया था। उन्होंने कहा था कि अगर हम हर बूथ पर भाजपा को मिले सर्वाधिक वोटों से 370 वोट अधिक हासिल कर लेते हैं, तो अकेली भाजपा को 370 से अधिक सीटें जीतने से कोई रोक नहीं सकेगा। लोकसभा चुनाव में हर बूथ पर कमल खिलाने तथा 370 वोट अधिक प्राप्त करने के संकल्प के साथ पार्टी का दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन दिल्ली में होने जा रहा है।

MP के 1226 का दल हो रहा शामिल- भाजपा के इस अधिवेशन में प्रदेश के 1226 मुख्य कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी भाग लेंगे। इसके लिए राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य, राष्ट्रीय परिषद सदस्य, लोकसभा और राज्यसभा के सांसद, पूर्व सांसद, विधायक, सभी मोर्चा के राष्ट्रीय पदाधिकारी, प्रदेश पदाधिकारी, कोर कमेटी अनुशासन समिति, वित्त समिति, चुनाव समिति के सदस्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, लोकसभा क्लस्टर प्रभारी, लोकसभा प्रभारी, लोकसभा संयोजक, लोकसभा विस्तारक, प्रदेश के मीडिया संयोजक, सोशल एवं आईटी संयोजक, मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष, महामंत्री, प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, नगर निगम, नगर पालिका एवं नगर पंचायत के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, राज्य स्तरीय बोर्ड एवं निगम के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष शामिल होंगें।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी