भाजपा ने बंगाल को बताया आतंकियों की सुरक्षित पनाहगाह, CM ममता ने किया पलटवार

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

शुक्रवार, 12 अप्रैल 2024 (14:43 IST)
West Bengal Politics : सुरक्षाबलों ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल से बेंगलुरू स्थित रामेश्वरम कैफे में धमाके के 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस पर बंगाल की सियासत गरमा गई। भाजपा और तृणमूल कांग्रेस ने एक दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए।

ALSO READ: राजगढ़ लोकसभा सीट पर आज से नामांकन, बड़ा सवाल दिग्विजय सिंह करा सकेंगे 400 नामांकन?
राज्य में विपक्षी दल भाजपा ने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस के शासन ने राज्य को आतंकवादियों के लिए सुरक्षित पनाहगाह बना दिया है।
 
इस पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा की आलोचना करते हुए कहा कि बेंगलुरु विस्फोट मामले के आरोपियों की गिरफ्तारी राज्य पुलिस की त्वरित कार्रवाई के कारण ही संभव हो सकी है।
 
बनर्जी ने कूचबिहार में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि सुना है कि भाजपा के एक नेता कह रहे थे कि बंगाल सुरक्षित नहीं है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से दो घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। उन राज्यों के बारे में क्या जहां आप सत्ता में हैं?
 
उन्होंने कहा कि उत्तरप्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, गुजरात और बिहार के बारे में क्या कहना है? बनर्जी ने भाजपा पर राज्य के खिलाफ अफवाह फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने भाजपा पर केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग करने और चुनावों में राजनीतिक दलों को समान अवसर नहीं देने का आरोप भी लगाया।
 
Edited by: Nrapendra Gupta

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी