Punjab: कांग्रेस को लगा दूसरा झटका, पूर्व सांसद मोहिंदर सिंह केपी SAD में शामिल

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

सोमवार, 22 अप्रैल 2024 (21:47 IST)
Mohinder Singh KP joins SAD : कांग्रेस की पंजाब इकाई के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व संसद सदस्य मोहिंदर सिंह केपी (Mohinder Singh KP) सोमवार को चंडीगढ़ में शिरोमणि अकाली दल (SAD) में शामिल हो गए। शिअद अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल, मोहिंदर को पार्टी में शामिल कराने के लिए जालंधर स्थित उनके आवास पर गए। बादल ने इस अवसर पर जालंधर (सुरक्षित) लोकसभा सीट से केपी को शिअद उम्मीदवार बनाने की भी घोषणा की।

ALSO READ: बिना चुनाव लड़े BJP ने सूरत लोकसभा सीट जीती, मुकेश दलाल निर्विरोध निर्वाचित
 
केपी पंजाब के दोआबा क्षेत्र के प्रमुख दलित नेता : कांग्रेस के लिए गत 2 दिनों में यह दूसरा झटका है। इससे पहले दिवंगत कांग्रेस सांसद संतोख चौधरी की पत्नी करमजीत कौर भी दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गई थीं। केपी पंजाब के दोआबा क्षेत्र के प्रमुख दलित नेता हैं और वे 1992 और 1995 में कांग्रेस सरकार में मंत्री थे। वे 2009 में जालंधर लोकसभा सीट से निर्वाचित हुए और 2014 में होशियारपुर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा।

ALSO READ: राजस्थान की सभी 25 लोकसभा सीटें भाजपा जीतेगी
 
3 बार जालंधर दक्षिण से विधायक निर्वाचित : केपी 1985, 1992 और 2002 में 3 बार जालंधर दक्षिण से विधायक निर्वाचित हुए। उन्हें 2017 के विधानसभा चुनाव में शिअद नेता पवन कुमार टिनू से आदमपुर सीट पर हार का सामना करना पड़ा। केपी के पास समृद्ध राजनीतिक विरासत है। उनके पिता दर्शन सिंह केपी जालंधर से 5 बार विधायक निर्वाचित हुए जिनकी हत्या 1992 में आतंकवादियों ने कर दी थी।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी