मोदी के शब्दों के बहकावे में नहीं आएं, परिवर्तन के लिए वोट करें : प्रियंका गांधी

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

शनिवार, 13 अप्रैल 2024 (20:55 IST)
Priyanka Gandhi Vadra's statement regarding PM Modi : कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने शनिवार को लोगों से कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषणों में इस्तेमाल किए गए शब्दों के बहकावे में नहीं आएं और आगामी लोकसभा चुनाव में बदलाव के लिए वोट करें।
 
उत्तराखंड के रामनगर में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि चुनाव वास्तविक मुद्दों पर लड़ा जाना चाहिए, न कि खोखली बयानबाजी के आधार पर। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा, मोदीजी द्वारा अपने चुनावी भाषणों में इस्तेमाल किए गए शब्दों के बहकावे में नहीं आएं। अपना वोट डालने से पहले, आपको ईमानदारी से खुद से पूछना चाहिए कि क्या मोदी सरकार के 10 साल के कार्यकाल में वास्तव में आपके जीवन में कोई सकारात्मक बदलाव आया है।
ALSO READ: प्रियंका गांधी ने उठाया सवाल, आयकर विभाग के नियम BJP पर लागू क्यों नहीं होते?
उत्तर प्रदेश के उन्नाव की महिला के हत्यारों को कौन बचा रहा? : उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती बेरोजगारी, अनियंत्रित महंगाई और प्रश्न पत्र लीक घोटाले लोगों के जीवन की सच्चाई हैं और इनके लिए भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार जिम्मेदार है क्योंकि वह पिछले 10 वर्षों से सत्ता में है। प्रियंका गांधी ने उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश की कुछ घटनाओं का जिक्र करते हुए यह भी कहा कि लोगों को मोदी से पूछना चाहिए कि रिसॉर्ट रिसेप्शनिस्ट अंकिता भंडारी और पड़ोसी उत्तर प्रदेश के उन्नाव की एक महिला के हत्यारों को कौन बचा रहा है?
 
प्रत्‍येक नागरिक के बैंक खाते में 15 लाख रुपए जमा करने जैसे वादे अधूरे हैं : प्रियंका गांधी ने मोदी सरकार पर अपने किसी भी वादे को पूरा नहीं करने का आरोप लगाते हुए लोगों को याद दिलाया कि युवाओं को 2 करोड़ नौकरियां और प्रत्‍येक नागरिक के बैंक खाते में 15 लाख रुपए जमा करने जैसे वादे अधूरे हैं। उन्होंने भाजपा पर वोट के लिए हर चुनाव में धर्म का इस्तेमाल करने का भी आरोप लगाया।
 
हिमाचल प्रदेश में आपदा आई तो मोदी सरकार ने एक पैसा नहीं दिया : गांधी ने कहा, मोदी ने हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले उस राज्य को भी देवभूमि कहा था। कांग्रेस ने चुनाव जीता और जब कुछ महीने के बाद आपदा आई, तो मोदी सरकार ने राज्य के लोगों को राहत के रूप में एक पैसा भी नहीं दिया। सारी राहत राज्य सरकार ने अपने संसाधनों से दी।
ALSO READ: प्रियंका गांधी का दावा, युवा समझ चुका है भाजपा रोजगार नहीं दे सकती
उन्होंने दावा किया कि चुनावी भाषणों में भाजपा नेता राजनीतिक कारणों से देवभूमि शब्द का इस्तेमाल करते हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि जब प्रधानमंत्री कहते हैं 'बार-बार मोदी सरकार', तो उनका यह पूछने का मन करता है कि 'और कितनी बार मोदी सरकार'?
 
हमारे शहीद पिता का अपमान करते हैं तो हम चुप रहते हैं : गांधी ने कहा, हिंदू धर्म में बलिदान का बड़ा महत्व है। सच्चा विश्वास बलिदानों से आता है। मैंने बलिदान को जाना है। उन्होंने अपने पिता राजीव गांधी की हत्या का उल्लेख करते हुए कहा, जब वे हमारे शहीद पिता का अपमान करते हैं तो हम चुप रहते हैं क्योंकि हमारे दिलों में सच्चा विश्वास है। प्रियंका गांधी के पिता एवं पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 1991 में हत्या कर दी गई थी।
ALSO READ: पूर्ण राज्य के दर्जे की मांग पर लद्दाख की जनता की आवाज सुने केंद्र : प्रियंका गांधी
कांग्रेस नेता ने कहा, हमारे लिए धर्म राजनीतिक प्रयोग का विषय नहीं है। लोकसभा चुनाव से पहले उत्तराखंड में कांग्रेस की यह पहली बड़ी रैली थी। प्रियंका गांधी का आज रूड़की में एक और रैली को संबोधित करने का कार्यक्रम है, जो हरिद्वार लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है। लोकसभा चुनाव 19 अप्रैल से 7 चरणों में होने हैं और मतों की गिनती 4 जून को होगी। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी