कोई भी CAA लागू होने से नहीं रोक सकता, ममता के गढ़ में गरजे राजनाथ

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

रविवार, 21 अप्रैल 2024 (20:05 IST)
Rajnath Singh's statement regarding CAA in West Bengal : रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को कहा कि भाजपा अपने वादों को पूरा करती है, इसलिए कोई भी पश्चिम बंगाल में नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) को लागू होने से नहीं रोक सकता है। उन्होंने कहा कि सीएए किसी की नागरिकता छीनने के लिए नहीं है बल्कि धार्मिक आधार पर पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान से विस्थापित लोगों को भारतीय नागरिकता देने का कानून है।
ALSO READ: आतंकवादियों को पाकिस्तान में घुसकर मारेंगे : राजनाथ सिंह
भाजपा अपने वादों को पूरा करती है : मालदा उत्तर निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार खगेन मुर्मू के समर्थन में यहां एक रैली को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा, कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस या वामपंथी दल चुनाव के दौरान कई वादे करते हैं, जो पूरे नहीं होते हैं, लेकिन भाजपा अपने वादों को पूरा करती है। उन्होंने कहा कि शेष भारत के साथ-साथ पश्चिम बंगाल में भी सीएए को लागू होने से कोई नहीं रोक सकता।
ALSO READ: कांग्रेस कुछ सालों में डायनासोर की तरह विलुप्त हो जाएगी : राजनाथ सिंह
सिंह ने कहा, ममता दीदी (मुख्यमंत्री ममता बनर्जी) कहती हैं कि वह अपने राज्य में सीएए को लागू नहीं होने देंगी। वह पश्चिम बंगाल के लोगों को धोखा देने की कोशिश क्यों कर रही हैं। सिंह ने कहा कि पिछली सरकारों के विपरीत नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार में भारत के साथ सम्मानपूर्वक व्यवहार किया जाता है।
2047 तक भारत को एक विकसित देश बनाना है : उन्होंने कहा, जब हम अंतरराष्ट्रीय मंच पर कुछ कहते हैं, तो उसे सम्मान के साथ सुना जाता है। भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा कि मोदी का संकल्प 2047 तक भारत को एक विकसित देश बनाना है। सिंह ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 को खत्म करने और अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण जैसे वादे पूरे हुए हैं तथा ‘राम राज्य’ के अस्तित्व में आने के संकेत मिल रहे हैं। रक्षामंत्री ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने ‘तीन तलाक’ को खत्म करने का अपना वादा भी पूरा किया है।
ALSO READ: 'बंगाल में गुंडे राज कर रहे और लोग डर रहे', ममता बनर्जी पर राजनाथ सिंह ने जमकर निशाना साधा
कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित करने का आरोप : उन्होंने बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि पार्टी के सत्ता में आने के बाद बंगाल में केवल जबरन वसूली करने वाले, अपराधी और भ्रष्टाचारी ही पनपे हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता ने राज्य सरकार पर लोगों को केंद्र की कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित करने का भी आरोप लगाया। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour 

वेबदुनिया पर पढ़ें