Lok Sabha Election : कर्नाटक में NDA के 3 पूर्व CM की किस्मत दांव पर, राज्य में प्रचार का माहौल हुआ गर्म

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

रविवार, 14 अप्रैल 2024 (17:51 IST)
The fate of 3 former Chief Ministers of NDA is at stake in Karnataka : लोकसभा चुनाव में कर्नाटक से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की ओर से 3 पूर्व मुख्यमंत्री अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इससे कांग्रेस शासित राज्य में प्रचार का माहौल गर्म हो गया है।
ALSO READ: लोकसभा चुनाव में कांग्रेस में क्यों भगदड़, बड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं के पार्टी छोड़ने की क्या है वजह?
राज्य में पूर्व मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई हावेरी से, जगदीश शेट्टार बेलगाम से और एचडी कुमारस्वामी मांड्या से अपनी किस्मत आजमा रहे हैं और उन पूर्व मुख्यमंत्रियों की सूची में शामिल हो गए हैं जिन्होंने राष्ट्रीय राजनीति में पारी की शुरुआत की और कई सफल हुए।
 
कर्नाटक में लोकसभा की 28 सीट : बोम्मई और शेट्टार लिंगायत समुदाय से आते हैं और भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार हैं जबकि कुमारस्वामी राजग के घटक जनता दल (सेक्यूलर) के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा के पुत्र हैं। कर्नाटक में लोकसभा की 28 सीट हैं जिनमें से 25 पर भाजपा चुनाव लड़ रही है जबकि पिछले साल सितंबर में राजग में शामिल हुई जद(एस) तीन सीट पर चुनाव लड़ रही है।
 
कर्नाटक 1947 से अब तक 23 मुख्यमंत्री हुए : कर्नाटक (एक नवंबर 1973 तक मैसूर राज्य के रूप में जाना जाता था) में 1947 से लेकर अब तक कुल 23 मुख्यमंत्री हुए हैं, इनमें से 14 ने लोकसभा और दो ने राज्यसभा के सदस्य के रूप में भी राष्ट्रीय राजनीति में योगदान दिया है। इनमें से सात पूर्व मुख्यमंत्री के सी रेड्डी, केंगल हनुमंतैया, वीरेंद्र पाटिल, गुंडू राव, एस बंगारप्पा, वीरप्पा मोइली और बीएस येदियुरप्पा राज्य कार्यपालिका प्रमुख का पद छोड़ने के बाद सांसद बनकर राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय हुए।
ALSO READ: लोकसभा चुनाव 2024 : क्यों जीत रही BJP, विपक्ष कहां कर रहा चूक, प्रशांत किशोर का दावा- बंगाल-तेलंगाना में चौंकाएंगे मोदी
इतने ही मुख्यमंत्री सांसद के रूप में कार्य करने के बाद मुख्यमंत्री बने जिनमें एस निजलिंगप्पा, एचडी देवेगौड़ा, जेएच पटेल, एसएम कृष्णा, एन धरम सिंह, एचडी कुमारस्वामी और डीवी सदानंद गौड़ा शामिल हैं। एसआर बोम्मई और रामकृष्ण हेगड़े ने अपनी संसदीय पारी राज्यसभा के सदस्य के रूप में शुरू की।
 
पिछले साल मई में हुए विधानसभा चुनावों में भाजपा के खराब प्रदर्शन के लगभग एक साल बाद बसवराज बोम्मई लोकसभा चुनाव में किस्मत आजमा रहे हैं। वह मई तक राज्य के मुख्यमंत्री थे और मौजूदा विधानसभा में शिगगांव से विधायक हैं। वह हावेरी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।
ALSO READ: AI के जरिए लोकसभा चुनाव हैक कर सकता है चीन, माइक्रोसॉफ्ट की भारत को चेतावनी
भाजपा ने शेट्टार को बेलगाम (बेलगावी) से मैदान में उतारा है। इस सीट का प्रतिनिधित्व निवर्तमान लोकसभा में भाजपा की मंगला अंगड़ी कर रही हैं, जो पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री सुरेश अंगड़ी की पत्नी हैं। शेट्टार हुबली-धारवाड़ क्षेत्र के रहने वाले हैं और स्वयं अंगड़ी परिवार के रिश्तेदार हैं और पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं।
ALSO READ: लोकसभा चुनाव से पहले गौरव वल्लभ का इस्तीफा, जानिए क्यों छोड़ा कांग्रेस का साथ?
एचडी कुमारस्वामी 5 बार के विधायक हैं : कुमारस्वामी जद (एस) के टिकट से मांड्या सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने 1996 में कनकपुरा लोकसभा सीट से चुनावी राजनीति में कदमा रखा और जीत हासिल की। कुमारस्वामी 2009 में बेंगलुरु ग्रामीण लोकसभा सीट से निर्वाचित हुए। कुमारस्वामी पांच बार के विधायक हैं और अब चन्नापटना सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने इच्छा जताई है कि अगर नरेंद्र मोदी सरकार दोबारा सत्ता में आती है तो वह कृषि मंत्री बनना चाहेंगे।(भाषा)
Edited By : Chetan Gour 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी