मुंबई में कांग्रेस की जिम्मेदारी बढ़ी-प्रिया

रविवार, 24 मई 2009 (18:12 IST)
उत्तरी मध्य मुंबई की सांसद प्रिया दत्त ने रविवार को कहा कि शहर में कांग्रेस द्वारा अन्य दलों का सूपड़ा साफ कर देने से महानगर के लोगों के प्रति उनकी पार्टी की जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता बढ़ गई है। व्यावसायिक राजधानी की सभी छह सीटों पर कब्जा जमाकर कांग्रेस ने दूसरे दलों का सूपड़ा साफ कर दिया।

एक लाख 74 हजार वोटों से लोकसभा का चुनाव जीतने वाली प्रिया दत्त ने इस साल के अंत में होने वाले महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों के संदर्भ में कहा कि चुनौती अभी शुरू हुई है। एक चुनाव संपन्न हुआ है और दूसरा जल्द होने वाला है।

अपनी तात्कालिक वरीयताओं पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि मानसून की तैयारियों के बारे में निगम अधिकारियों से समन्वय पर चर्चा करने के लिए वे जल्द ही निर्वाचन क्षेत्र के कार्यकर्ताओं से मिलेंगी। 2006 में मानसून के दौरान उनका क्षेत्र बुरी तरह प्रभावित हुआ था।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2000 तक की मलिन बस्तियों का नियमितीकरण, गरीबों का पुनर्वास, मीठी नदी की सफाई और विकास तथा शहर में आधारभूत सुविधाओं में सुधार पर प्राथमिकता से काम किया जाएगा।

वेबदुनिया पर पढ़ें