उत्तरी हवाओं ने मध्यप्रदेश में बढ़ाई ठंड

मंगलवार, 28 नवंबर 2017 (01:01 IST)
भोपाल। मध्यप्रदेश में उत्तर भारत में हुई बर्फबारी के कारण राज्य के कई स्थानों पर ठंड का असर अन्य दिनों की अपेक्षा आज कुछ ज्यादा ही महसूस की गई। प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर आज ठंड का असर दूसरे दिनों की अपेक्षा ज्यादा महसूस किया गया। 
 
सूर्योदय के बाद धूप खिलने से लोगों को राहत मिली। उत्तरी हवाएं चलने से ठंड में इजाफा हुआ है। पिछले तीन दिनों से रात का तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया।  
   
स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार राज्य में शहडोल और जबलपुर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं न्यूनतम तापमान के लुढ़कने की संभावना है। कई स्थानों पर शीतलहर भी चल सकती है। केन्द्र ने बताया कि प्रदेश के मौसम में कम से कम दो से तीन दिन तक परिवर्तन होने की उम्मीद नही है। तापमानों में उतार और चढ़ाव बना रहेगा। 
   
सोमवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री, इंदौर का 11 डिग्री, ग्वालियर का 9.5 डिग्री और जबलपुर का न्यूनतम तापमान 9़.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं कल भोपाल का अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री, इंदौर का 29 डिग्री, ग्वालियर का 29.4 डिग्री और जबलपुर का अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था।
 
प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान शहडोल संभाग के जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी कम, जबलपुर संभाग के जिलों में सामान्य से कम, चंबल संभाग के जिलों में सामान्य से अधिक और शेष स्थानों पर सामान्य दर्ज किया गया। प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान उमरिया और मंडला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 06 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
   
राजधानी भोपाल में आज ठंड का असर दूसरे दिनों की तुलना में कुछ अधिक रहा। हालांकि सूरज के निकलने के बाद ठंड का असर धीरे-धीरे कम होता चला गया। (वार्ता) 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी