कन्नौज से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे ‍अखिलेश यादव, सपा ने बदली रणनीति

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

बुधवार, 24 अप्रैल 2024 (16:05 IST)
Akhilesh Yadav will contest elections from Kannauj: समाजवादी पार्टी ने अपनी चुनावी रणनीति में बदलाव करते हुए फैसला किया है कि पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश की कन्नौज लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। 
 
गुरुवार को नामांकन : सपा नेता और अखिलेश के चाचा रामगोपाल ने आजतक से हुई बातचीत में कहा कि यादव कन्नौज से चुनाव लड़ेंगे और गुरुवार को 12 बजे नामांकन दाखिल करेंगे। इस सीट से पहले अखिलेश के भतीजे (मुलायम सिंह के बड़े भाई के पोते) तेजप्रताप के नाम की घोषणा की गई थी। 
 
कौन हैं तेज प्रताप यादव : तेज प्रताप सिंह यादव के पिता रणवीर सिंह यादव सपा प्रमुख अखिलेश के चचेरे भाई थे। वे सैफई महोत्सव के संस्थापक रहे हैं। रणवीर यादव का निधन 2002 में हो गया था। तेज प्रताप ने अपना राजनीतिक करियर वर्ष 2004 में शुरू किया था। सबसे पहले वे क्षेत्र पंचायत सदस्य सैफई से निर्विरोध चुने गए थे। वर्ष 2012 में सैफई के ब्लॉक प्रमुख निर्विरोध चुने गए थे।
 
2014 में वे मैनपुरी लोकसभा से उपचुनाव में पहली बार सांसद चुने गए थे। उनकी शादी बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की पुत्री राजलक्ष्मी यादव से वर्ष 2015 में हुई थी।
 
मुलायम परिवार की सीट है कन्नौज : कन्नौज लोकसभा सीट को मुलायम परिवार की परंपरागत सीट माना जाता है। 1999 में मुलायम सिंह यादव, 2000, 2004 और 2009 में अखिलेश तथा 2012 और 2014 में डिंपल यादव यहां से चुनाव जीत चुके हैं। हालांकि 2019 में भाजपा के सुब्रत पाठक ने डिंपल यादव को 12 हजार से ज्यादा वोटों से हराया था।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी