Weather Updates: दिल्ली में छाया घना कोहरा, ट्रेनें देरी से चल रहीं और कई उड़ानें डायवर्ट

बुधवार, 27 दिसंबर 2023 (09:03 IST)
Weather Updates: दिल्ली (Delhi) का अधिकतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस मौसम के औसत तापमान से 3 डिग्री अधिक है। घने कोहरे के कारण कई इलाकों में दृश्यता प्रभावित हुई और हवा की गुणवत्ता 'बहुत खराब' श्रेणी में रही। राष्ट्रीय राजधानी (national capital) में कोहरे और लो विजिबिलिटी के कारण कुछ ट्रेनें देरी से चल रही है। कोहरे की वजह से विजिबिलिटी काफी कम हुई। दिल्ली में आज बुधवार को विजिबिलिटी 100 से कम है और कई उड़ानों को डायवर्ट किया गया।
 
हवाई अड्डे के अधिकारियों के अनुसार घने कोहरे और कम दृश्यता के कारण दिल्ली हवाई अड्डे पर अंतरराष्ट्रीय सहित लगभग 30 उड़ानों के संचालन में देरी हुई। अधिकारियों ने बताया कि कोहरे के कारण 14 ट्रेनों के आगमन में भी देरी हुई। दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में तड़के 5.30 बजे बजे दृश्यता 200 मीटर दर्ज की गई। पालम में यह 100 मीटर थी। उत्तरप्रदेश के नोएडा, गाजियाबाद में घना कोहरा छाया रहा। वाराणसी में शीतलहर जारी है। इसके साथ घना कोहरा छाया हुआ है।
 
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी के अनुसार दिल्ली में आईजीआई हवाई अड्डे पर सुबह 10 बजे सामान्य दृश्यता 50 मीटर दर्ज की गई। घने कोहरे की स्थिति में अधिकांश हवाई पट्टियों पर रनवे विजुअल रेंज (आरवीआर) 125 से 275 मीटर के बीच थी।
 
आईएमडी के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य से 1 डिग्री कम है जबकि 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) अपराह्न 4 बजे 378 दर्ज किया गया। आर्द्रता का स्तर 59 प्रतिशत से 100 प्रतिशत के बीच रहा।
 
मौसम विभाग कार्यालय ने बुधवार और गुरुवार को आसमान साफ रहने तथा सुबह में घने से बहुत अधिक घने कोहरे का अनुमान जताया है। शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को 'अच्छा', 51 से 100 के बीच 'संतोषजनक', 101 और 200 के बीच 'मध्यम', 201 और 300 के बीच 'खराब', 301 और 400 के बीच 'बेहद खराब' तथा 401 और 500 के बीच एक्यूआई को 'गंभीर' श्रेणी में माना जाता है।
 
मुंबई के लिए सर्दी का इंतजार लंबा होता जा रहा है : दिसंबर के आखिरी सप्ताह में भी मुंबई और उपनगरों में सर्दी का कोई संकेत नहीं है। न्यूनतम तापमान के साथ-साथ अधिकतम तापमान भी सामान्य से ऊपर है। दरअसल, दिन का तापमान 30 के मध्य में है। हमें उम्मीद नहीं है कि तापमान में जल्द गिरावट होने के संकेत नजर नहीं आ रहे हैं। चूंकि दक्षिण-पूर्वी गर्म हवाएं कम से कम अगले 5 दिनों तक जारी रहेंगी।
 
मध्य महाराष्ट्र और इससे सटे कोंकण और गोवा के हिस्सों पर एक ट्रफ रेखा बनी हुई है। हालांकि यह कोई मौसमी गतिविधि देने में सक्षम नहीं है, लेकिन ठंडी हवाओं को मुंबई तक पहुंचने नहीं दे रही है। 2 और 3 जनवरी के आसपास मध्य महाराष्ट्र विदर्भ और मराठवाड़ा के कुछ हिस्सों में हल्की छिटपुट बारिश होने की संभावना है। इस मौसम गतिविधि के बाद हवा की दिशा दक्षिण-पूर्व से बदलकर उत्तर और उत्तर-पूर्व होने की उम्मीद है जिससे मुंबई और उपनगरों में तापमान में गिरावट आएगी। अत: जनवरी के पहले सप्ताह में मुंबईकरों को सर्दी का एहसास होगा।
 
मध्यप्रदेश में तापमान बढ़ने से ठंड का असर हुआ कम : मध्यप्रदेश के कई जिलों में एकदम से ठंड तो जैसे छूमंतर हो गई है। कई जिलों में दिन के समय तापमान में बढ़ गया है। हालांकि सुबह के समय कोहरे ने कोहराम मचाया हुआ है।  मध्यप्रदेश के अधिकांश जिलों में कोहरे ने जहां कोहराम मचाया हुआ है, वहीं कई स्थानों से तेज ठंड एकदम से गायब हो गई है।
 
मंगलवार को राजधानी भोपाल में ठंड एकदम से गायब हो गई। हालांकि सुबह-सुबह ग्वालियर चंबल संभाग के जिलों सहित कई स्थानों में घना कोहरा देखा गया है। प्रमुख स्थानों की न्यूनतम तापमान की बात की जाए तो पचमढ़ी में 7.8, राजगढ़ में 8.4, दतिया में 8.2, ग्वालियर में 7.8, भोपाल में 13.4, ग्वालियर में 7.5, जबलपुर में 9.8, इंदौर में 15.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।
 
अधिकतम तापमान की बात की जाए तो जबलपुर में 26.01, भोपाल में 29.7, ग्वालियर में 24.6, इंदौर में 29.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज हुआ। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर के साथ-साथ उज्जैन में कोहरे का असर दिखा और धुंध छाई रही। उत्तर भारत से आने वाली ट्रेनें भी समय से 4-5 घंटे लेट चल रही हैं। कुछ हवाई जहाजों को भी रद्द किया गया है।
 
कैसा रहेगा आज का मौसम? : स्काईमेट वेदर (skymet weather) के अनुसार आज बुधवार को तमिलनाडु, केरल और लक्षद्वीप में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश संभव है। शेष देश में 29 दिसंबर तक शुष्क मौसम की स्थिति जारी रहेगी। 29 दिसंबर की रात से पश्चिमी हिमालय में बारिश और बर्फबारी शुरू हो सकती है।
 
गंगा के मैदानी इलाकों में घने से बहुत घने कोहरे का अनुमान है। अगले 2 दिनों के दौरान देश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की उम्मीद नहीं है। बांग्लादेश पर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। 29 दिसंबर तक एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ के पश्चिमी हिमालय के पास पहुंचने की उम्मीद है।
 
Edited by: Ravindra Gupta

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी