CAA के खिलाफ शाहीन बाग के प्रदर्शन पर BJP अध्यक्ष का विवादित बयान, भीषण ठंड में कोई मर क्यों नहीं रहा

बुधवार, 29 जनवरी 2020 (07:36 IST)
कोलकाता। शाहीन बाग में सीएए के खिलाफ प्रदर्शन पर पश्चिम बंगाल के भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने एक विवादित बयान दे डाला।

घोष ने पूछा कि शाहीन बाग में प्रदर्शनकारियों को कुछ क्यों नहीं हो रहा है, जबकि दिल्ली में भीषण ठंड पड़ रही है। वे लोग खुले आसमान में प्रदर्शन कर रहे हैं। घोष इससे पहले भी कई विवादित बयान दे चुके हैं।
 
इस दौरान दिलीप घोष ने इस बात पर हैरानी जताई कि महिलाओं और बच्चों समेत प्रदर्शन में शामिल लोग बीमार क्यों नहीं पड़े या मर क्यों नहीं रहे हैं, जबकि वे हफ्तों से खुले आसमान के नीचे प्रदर्शन कर रहे हैं। भाजपा सांसद ने यह भी जानना चाहा कि आखिरकार इस प्रदर्शन के लिए रकम कहां से आ रही है?
 
घोष ने कहा कि 'हमें पता चला है कि सीएए के खिलाफ प्रदर्शन कर रही महिलाएं और बच्चे दिल्ली की सर्द रातों में खुले आसमान के नीचे बैठे हैं। मैं हैरान हूं कि उनमें से कोई बीमार क्यों नहीं हुआ? उन्हें कुछ हुआ क्यों नहीं? एक भी प्रदर्शनकारी की मौत क्यों नहीं हुई?' 
 
उन्होंने कहा कि यह बेहद चौंकाने वाला है। क्या उन्होंने कोई अमृत पी लिया है कि उन्हें कुछ हो नहीं रहा है, लेकिन बंगाल में कुछ लोगों द्वारा घबराहट में खुदकुशी करने का दावा किया जा रहा है।
 
दक्षिणी दिल्ली के शाहीन बाग में संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के खिलाफ सैकड़ों महिलाएं कई दिनों से प्रदर्शन कर रही हैं। यहां करीब 1 महीने से भी ज्यादा समय से प्रदर्शन चल रहा है।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी