Weather update : उत्तर भारत के अधिकतर हिस्सों में शुष्क एवं सर्द मौसम, जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी

सोमवार, 7 दिसंबर 2020 (23:58 IST)
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के ऊपरी इलाकों में ताजा हिमपात हुआ है जबकि मैदानी इलाकों में बरसात हुई। उत्तर भारत के अधिकतर हिस्सों में मौसम शुष्क एवं सर्द रहा और घना कोहरा छाया रहा।
ALSO READ: Income Tax विभाग ने की कोयला कारोबारियों पर छापेमारी की, 150 करोड़ के कालेधन का पता चला
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोहरे के कारण सुबह में दृश्यता का स्तर कम रहा और यातायात के परिचालन में समस्या आई। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में सर्दी के मौसम में यह पहला मौका है जब दृश्यता 'शून्य' थी।
 
भारत मौसम विभाग के क्षेत्रीय अनुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि नमी युक्त पूर्वी हवा की कम गति के कारण राष्ट्रीय राजधनी के कुछ हिस्सों में 'बहुत घना' कोहरा छाया रहा।
 
जम्मू-कश्मीर में घाटी के कुछ ऊंचाई वाले स्थानों पर ताजा हिमपात हुआ जबकि मैदानी इलाकों में तेज बारिश हुई। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 से 36 घंटे में मौसम के और खराब होने की आशंका है।
 
अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर लेह मार्ग पर स्थित जोजिला समेत जम्मू-कश्मीर में कुछ स्थानों पर हल्के से मध्यम हिमपात हुआ। हालांकि कुछ स्थानों पर तेज हिमपात की भी खबर है। उन्होंने बताया कि घाटी के मैदान के अधिकतर हिस्सों में शाम तक तेज बारिश हुई।
 
मौसम विभाग ने कहा है कि जम्मू के मैदानी हिस्सों में अगले 24 से 36 घंटे में भारी हिमपात एवं बारिश होने की संभावना है। विभाग ने जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख की पहाड़ियों पर कुछ स्थानों पर भारी हिमपात होने की संभावना जताई है।
ALSO READ: COVID 19 Vaccine : फाइजर और सीरम के बाद भारत बायोटेक ने 'कोवैक्सीन' के आपातकालीन इस्तेमाल के लिए मांगी इजाजत
श्रीवास्तव ने बताया कि राजधानी दिल्ली में पालम मौसम केंद्र ने सुबह साढ़े छ: बजे घने कोहरे के कारण शून्य दृश्यता दर्ज की। वरिष्ठ वैज्ञानिक ने कहा कि हवाई अड्डे पर विमानों के उड़ान के लिए दृश्यता 800 मीटर के करीब होनी चाहिए। दिल्ली का न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में हिमाचल प्रदेश में बारिश एवं हिमपात का अनुमान जताया है।
 
शिमला स्थित मौसम केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने लाहौल एवं स्पीति के केलांग में न्यूनतम तापमान शून्य के नीचे 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि ​किन्नूर जिले के कल्पा में एक डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
 
मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा एवं पंजाब में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। दोनों प्रदेशों की राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
 
हरियाणा के अम्बाला में न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से चार डिग्री अधिक है। करनाल का तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है। 
ALSO READ: किसान संगठनों ने कृषिमंत्री को सौंपा ज्ञापन, कृषि कानूनों को वापस नहीं लेने की मांग की
पंजाब के अमृतसर एवं लुधियाना में तापमान क्रमश: 10.4 डिग्री एवं 13.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों शहरों का तापमान सामान्य से क्रमश: छह डिग्री एवं पांड डिग्री अधिक दर्ज किया गया।
 
उत्तरप्रदेश के ग्रेटर नोएडा में कई वाहनों के आपस में टकरा जाने से कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि 12 से अधिक लोग घायल हो गए। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी