हिन्द महासागर में चीन की मौजूदगी पर भारतीय नौसेना की खास नजर

मंगलवार, 4 दिसंबर 2018 (12:06 IST)
चेन्नई। भारतीय नौसेना ने सोमवार को कहा कि हाल के वर्षों में हिंद महासागर क्षेत्र में चीन की मौजूदगी बढ़ी है और वे बहुत एहतियात से इस पर नजर रख रहे हैं। तमिलनाडु एवं पुडुचेरी नौसैन्य इलाके के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग, रियर एडमिरल आलोक भटनागर एनएम ने यह जानकारी दी।


हर साल चार दिसंबर को मनाए जाने वाले भारतीय नौसेना दिवस के जश्न की घोषणा करने के लिए वे संवाददाताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ सालों में हिन्द महासागर क्षेत्र में चीन की मौजूदगी बढ़ी है।

अच्छी बात यह है कि हमें इस बात की जानकारी है। हम क्षेत्र में उनकी गतिविधियों के बारे में जानते हैं और हम बहुत सावधानी से उस पर नजर रखे हुए हैं। क्षेत्र में चीन की उपस्थिति से किसी तरह के खतरे से निबटने के लिए नौसेना की तैयारी के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि भारतीय नौसेना की क्षमताएं मिशन आधारित होती हैं और किसी देश के खिलाफ लक्षित नहीं होती हैं।

भटनागर ने कहा कि कुछ सालों से भारतीय नौसेना ने एक मिशन के आधार पर अपने बल को विकसित किया है। हमारी क्षमताएं किसी देश के खिलाफ लक्षित न होकर मिशन आधारित होती हैं। हमें जब भी कोई मिशन दिया जाएगा, उसे पूरा करने में हम सफल होंगे। 1971 में भारत-पाकिस्तान युद्ध में उसकी जीत को मनाने के लिए हर साल नौसेना दिवस मनाया जाता है।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी