पाकिस्तान की एजेंट तो नहीं है सचिन मीणा की गर्लफ्रेंड सीमा हैदर?

बुधवार, 12 जुलाई 2023 (22:26 IST)
Seema Haider Sachin Meena Love Story : पाकिस्तान की सीमा हैदर अपने 4 बच्चों के साथ प्यार (?) की तलाश में नेपाल के रास्ते भारत की राजधानी दिल्ली में आ गई। 2014 में गुलाम हैदर के साथ निकाह रचाने वाली 27 साल की सीमा अब उसी पति को छोड़कर अपने PUBG पार्टनर सचिन मीणा के साथ रहने के लिए ग्रेटर नोएडा के गांव रबूपुरा आ गई। हालांकि जिस तरह से उसने भारत में एंट्री की है, वह पूरी तरह अवैध है।
 
सीमा की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने सीमा और सचिन को गिरफ्तार किया, लेकिन बाद दोनों को जमानत मिल गई। उसके बाद से दोनों साथ ही रह रहे हैं। कानून के लिहाज से सीमा को सलाखों के पीछे होना चाहिए या फिर उसे वापस पाकिस्तान भेजा जाना चाहिए। देश का एक बड़ा वर्ग यह भी सवाल उठा रहा है कि सीमा पाकिस्तानी एजेंट या जासूस हो सकती है। ऐसा भी कहा जा रहा है कि 5वीं पास सीमा अंग्रेजी भी बोल लेती है। सोशल मीडिया पर भी लोग मिली-जुली प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। 
 
मांग भरे हुए, मंगल सूत्र पहने हुए, तुलसी के पौधे पर जल चढ़ाती सीमा को देखकर नहीं लगता कि वह हाल में सचिन मीणा की जीवनसंगिनी बनी है। हालांकि दोनों पहली बार नेपाल में मिले थे, दूसरी बार नेपाल में मिलने के बाद उनकी शादी भी वहीं हो गई थी। जिस तरह से सीमा घर में रच बस गई है, वह भी आसानी से गले नहीं उतरता। जिस तरह मीडिया ने इस मुद्दे को हाथोंहाथ लिया है, उससे सीमा और सचिन के प्रति लोगों में सहानुभूति भी पैदा हुई है। 
 
एक टीवी चैनल से बातचीत करते हुए उत्तरप्रदेश के पूर्व डीजीपी विक्रम सिंह ने कहा कि इस मामले में काफी जल्दबाजी हुई है। इस मामले में इस महिला से सख्ती से पूछताछ होनी चाहिए। सुरक्षा एजेंसियों को भी इस मामले में गहन जांच करनी चाहिए। सिर्फ नाम-पता पूछकर काम खत्म नहीं होना चाहिए। सिंह का तो यहां तक कहना है कि उसका लाई डिटेक्टर टेस्ट होना चाहिए। 
 
सिंह सीमा को लेकर इस आधार पर भी संदेह करते हैं कि वह चाहती तो टूरिस्ट वीजा लेकर भी आ सकती थी, लेकिन उसने ऐसा नहीं किया। सीमा ने नेपाल के रास्ते भारत में प्रवेश किया। पूर्व डीजीपी विक्रम के संदेह को पूरी तरह खारिज भी नहीं किया जा सकता, क्योंकि यह देश की सुरक्षा से जुड़ा मामला है। पाकिस्तान की हरकतें भी हमेशा से ही भारत विरोधी रही हैं। यह भी कहा जा रहा है कि सीमा का भाई भारतीय सेना में है। 
 
यह भी ध्यान रखना होगा कि पाकिस्तान महिलाओं के माध्यम से भारतीयों को हनीट्रैप के मामलों में फंसाता रहा है। उसकी साजिश का कई बार सुरक्षाकर्मी भी शिकार हो जाते हैं। 
 
सीमा ने एक टीवी चैनल से बातचीत में कहा कि मुझे खुशी है कि भारत में महिलाओं की इज्जत होती है, लेकिन मैं पाकिस्तान में जहां रहती थी वहां महिलाओं का सम्मान नहीं होता। सीमा ने कहा कि सचिन पाकिस्तान आने को तैयार थे, लेकिन मैंने ही उनको मना किया क्योंकि उनके साथ बुरा हो सकता था। 
सोशल मीडिया पर क्या कहते हैं लोग 
सोनेलाल सिंह ने सीमा का एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा- ये ना तो शादीशुदा है और ना इसके चार बच्चे होंगे। सब स्क्रिप्टेड है। ऐसी लड़की लंगूर के हाथ नहीं लग सकती, वो भी तब जब भारत में PUBG बैन है। इस औरत के पास पांच पासपोर्ट हैं, वीजा नियमों की पूरी जानकारी है और एक हिंदी भाषी से कहीं अच्छे से हिंदी बोल लेती है।
 
शरीक शेख भी सीमा की भारत में एंट्री पर सवाल उठाते हैं- सीमा हैदर पाकिस्तान के सिंध से दुबई वहां से काठमांडू और उधर से ग्रेटर नोएडा आ गई। पता नहीं यह मसला मोहब्बत का था या नहीं पर सोचिए! उसकी जगह कोई आतंकी होता तो सवाल यूपी पुलिस और सीमा बल से होता। कहां गई इंटेलिजेंस?
 
डॉ. सैयद रिजवान अहमद भी सीमा को शक की नजर से देखते हैं। उनका कहना है कि यह लव अफेयर का मामला नहीं हो सकता। सीमा पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई की एजेंट हो सकती है। इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। वे कहते हैं- गद्दारों और पाकिस्तानियों पर कभी भरोसा नहीं करना चाहिए। 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी